राजधानी

Image Alt Text

भोपाल में व्यू एण्ड सोनिक कंपनी पर जीएसटी का छापा

राजधानी

परिजनों के नाम से फर्में बनाकर कर चोरी की आशंका 

भोपाल। जीएसटी टीम ने गुरूवार शाम भोपाल के अरेरा कॉलानी स्थित व्यू एण्ड सोनिक कंपनी के मालिक अतुल बिल्लोरे के छापा मारा। जीएसटी (एंटी इवेजन ब्यूरो) की टीम को आशंका है कि अतुल बिल्लोरे ने पत्नी, बेटे और भतीजे के नाम से एआईबी इंटरप्राइज, अबान इंटरप्राइजेस सहित अन्य फर्में बनाई हैं, जिनके माध्यम से करोड़ों की ‘कर’ चोरी की गई है। 

जीएसटी की जांच टीम को आशंका है कि व्यू एंड सोनिक कंपनी के संचालक ने परिजनों के नाम से बनाई गई फार्मों के माध्यम से बोगस आईटीसी लेकर जीएसटी में करोड़ों रुपए की कर चोरी की जा रही थी। इसी के चलते टीम जांच के लिए पहुंची है। बताया गया कि बिल्लोरे ने 24 घंटे की कार्यवाही में कर चोरी स्वीकार नहीं की। ऐसी स्थिति में जांच टीम उनसे दस्तावेज लेकर मिलान कर रही है और इसके आधार पर ही टैक्स चोरी की गणना की जाएगी। बिल्लोरे भोपाल में एक बड़े अस्पताल का निर्माण भी करा रहे हैं। 

छह शहरों में पकड़ी 20 करोड़ की कर चोरी 

भोपाल, सीहोर, छतरपुर, ग्वालियर, इंदौर और सिंगरौली में 16 फर्मों पर विगत चार दिन से चल रही जीएसटी और आर्थिक अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई के बाद दस्तावेजी जांच लगभग पूरी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि जीएसटी टीम की जांच में 20 करोड़ रुपए से अधिक की टैक्स चोरी सामने आई है। कारोबारियों द्वारा कर चोरी की बात स्वीकार किए जाने के बाद उनसे 3.45 करोड़ रुपए जमा भी कराए जा चुके हैं। शेष राशि आगामी दो सप्ताह में जमा कराई जाएगी। जीएसटी ने चंद्रगुप्त बिल्डकॉन के विरुद्ध भी जांच शुरू की है। दो दिन पहले भोपाल में कोटरा सुल्तानाबाद में आरके पांडेय के यहां भी जांच टीम पहुंची थी।