राजधानी

Image Alt Text

आपदा प्रभावित किसानों के खातों में डाले 20 करोड़

राजधानी

मुख्यमंत्री बोले- किसानों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता

भोपाल। मध्यप्रदेश के अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित 11 जिलों के 17, 500 किसानों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को 20 करोड़ 6 लाख रुपए मुआवजा राशि सिंगल क्लिक से डाली। इस अवसर पर किसानों से वर्चुअली चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मुस्कान ही मप्र सरकार की ताकत है। बारिश ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है पर जल्दी ही इसकी भरपाई भी यही बारिश कर देगी। किसानों का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। डॉ. यादव बोले कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावितों को 188.52 करोड़ की सहायता दे चुकी है। धार के केला उत्पादक किसानों को आने वाले दिनों में केले के तने के रेशे का भी पैसा मिलेगा। क्योंकि धार जिले में जल्द ही इससे कप?ा बनाने का कारखाना लगने वाला है।  उन्होंने अनंत चतुर्दशी और अन्य त्यौहारों की बधाई भी दी। 

मुख्यमंत्री ने पूछा नुकसान के हिसाब से मिली राशि 

शिवपुरी जिले के बाढ़ पीडि़तों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रामीण राघवेंद्र और अन्य से कहा कि कभी भोपाल आओ तो आना, यह आपका ही निवास है। उन्होंने पूछा कि जितना नुकसान हुआ है उसके हिसाब से राहत राशि मिली है या नहीं। फिर मुख्यमंत्री ने दमोह के नागरिकों से बात की। मंडल अध्यक्ष संग्राम सिंह ने कहा कि मैंने फैसला किया था कि जब तक धर्मेंद्र लोधी मंत्री नहीं बनेंगे तब तक शादी नहीं करूंगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पर चुटकी ली कि आपने पहले नहीं बताया अन्यथा नहीं बनाते।

25 बीघा में मक्का पर मिली 10 हजा राहत राशि

मुख्यमंत्री ने अशोक नगर जिले में कल्याण सिंह और अन्य ग्रामीणों से नुकसान की भरपाई की जानकारी ली। कल्याण सिंह ने 25 बीघा में मक्का लगाने पर 10 हजार रुपए राहत राशि देने की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि उन्होंने सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अशोकनगर का दौरा किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहब को बता देना कि हमने वादा निभा दिया।

4 बीघा में उजड़ी केले की फसल, 58 हजार मुआवजा

धार के एक किसान ने मुख्यमंत्री को बताया कि 4 बीघा में केले की फसल लगाई थी। मुआवजा 58 हजार रुपए मिला। पूछने पर उन्होंने बताया कि केले के तने से खाद बना लेते हैं, जो पेस्टीसाइड के काम आता है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केले के तने के रेशे से कपड़ा बनाने का उद्योग खोल रहे हैं। इससे आम के आम और गुठलियों के दाम मिल जाएंगे। यहीं के जगदीश ने बताया कि 7 बीघा में पपीता लगाया है और 39 हजार रुपए मुआवजा मिला है। धार विधायक ने बताया कि यहां का पपीता उप्र तक जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश भेजो।

मुआवजा सही बता रहे हो न? 

छतरपुर जिले के रमेश यादव से सीएम यादव ने मूंगफली की फसल लगाने और नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से यह भी पूछा कि जितना मुआवजा मिला है सही बता रहे हो ना, किसी के बताने के हिसाब से तो जानकारी नहीं दे रहे हो। इसके अलावा रायसेन जिले के किसानों से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की।