राजधानी

Image Alt Text

मप्र में स्क्रैपिंग एजेंसी को मिलेगा उद्योग का दर्जा

राजधानी

मंत्रि-परिषद: मप्र में वाहनों की स्क्रैपिंग पर 50 प्रतिशत छूट 

भोपाल। मध्यप्रदेश में बीएस-1 और बीएस-2 श्रेणी के वाहनों को स्क्रैप कराने वाले वाहन मालिक को स्क्रेप की गई श्रेणी का ही नया वाहन खरीदने पर परिवहन विभाग लाइफ टाइम टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट देगा। मासिक, त्रैमासिक या वार्षिक आधार पर कर जमा करने वालों को यह छूट आठ साल के लिए मिलेगी। जबकि स्क्रैप करने वाली कंपनी को सरकार उद्योग का दर्जा देगी। यह निर्णय मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया। 

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि वाहन स्क्रैप कराने पर भारत सरकार सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय पंजीकृत वाहन स्क्रेपिंग सुविधा में स्क्रेपिंग को बढ़ावा देने के लिए मप्र को 200 करोड़ रुपये की विशेष सहायता देगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए यह सरकार का बड़ा फैसला होगा। 

स्क्रैप के साथ नहीं, कभी भी खरीद सकेंगे वाहन 

बीएस-1 और बीएस-2 श्रेणी के मालवाहक अथवा यात्री किसी भी वाहन को स्क्रैप कराने के बाद अगले वाहन पर छूट के लिए वाहन मालिक को तुरंत ही वाहन खरीदना आवश्यक नहीं है। स्क्रैप कराते समय वाहन मालिक को ‘सर्टिफिकेट ऑफ डिपोजिट’ जारी किया जाएगा। उसी वाहन मालिक के नाम पर उसी श्रेणी का नया वाहन मप्र से खरीदने पर बाद में कभी भी इस छूट का लाभ लिया जा सकेगा। एक सर्टिफिकेट का फायदा सिर्फ एक वाहन पर ही लिया जा सकेगा। मप्र परिवहन विभाग द्वारा 8 सितंबर 2022 को जारी अधिसूचना के अंतर्गत प्रदाय की जाने वाली मोटरयान कर की छूट उन वाहनों पर लागू नहीं होगी, जिन्हें इस अधिसूचना के अंतर्गत मोटर यान कर छूट नहीं दी गई है। 

प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा नप-नपा अध्यक्षों का चुनाव 

मध्यप्रदेश में दो साल बाद अर्थात वर्ष 2025 में होने वाला नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। अर्थात इन दोनों ही अध्यक्षों को जनता सीधे मतदान करके चुनेगी। वर्तमान व्यवस्था में चुने गए पार्षद नपा अध्यक्ष चुनते हैं। इसके लिए मंत्रि-परिषद ने मध्यप्रदेश नगरपालिका (संशोधन) अध्यादेश 2025 विधानसभा में लाए जाने की स्वीकृति दे दी है। सरकार और प्रत्याशी चुनाव की तैयारी ठीक से कर सकें, इसलिए सरकार ने दो साल पहले यह फैसला लिया है। 

2022 के बाद बदली थी व्यवस्था : मप्र में 1999 से 2014 तक नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से ही होता रहा है। कोरोना के चलते 2019 में चुनाव नहीं हो सका। वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से किया गया। 

बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने दी जानकारी और निर्देश 

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर 17 सितंबर को धार जिले के बदनावर में पीएम मित्र पार्क का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर स्वस्थ नारी -सशक्त परिवार, स्वदेशी, एक पेड़ मां के नाम, एक बगिया मां के नाम, जनमन योजना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान और मिशन कर्मयोगी की थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

- मप्र में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ की थीम पर सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अस्वच्छ क्षेत्रों का चिन्हांकन कर उन्हें स्वच्छ बनाने बनाएंगे। इस दौरान सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गतिविधियों में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों को भी सहभागी बनाया जाए। मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का सहयोग लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता- सेवा गतिविधियों का अधिक से अधिक विस्तार करें।