राजनीति

Image Alt Text

मप्र के 8 शहरों में होगी भाजयुमो की ‘नमो युवा रन’

राजनीति

मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बोले-मैराथन नहीं, यह सशक्त युवा आंदोलन 

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के पर भाजपा प्रदेश भर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाएगी। इस पखवाड़े के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा 8 शहरों में ‘नमो युवा रन’ दौड़ का आयोजन करेगा। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने कहा कि यह एक मैराथन नहीं, बल्कि सशक्त युवा आंदोलन है, जिसका उद्देश्य युवाओं में ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश फैलाना है। 

प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पत्रकारवार्ता आयोजित कर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री पवार ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के आयोजनों की विस्तृत जानकारी साझा की। राष्ट्रीय स्तर पर ‘नमो युवा रन-नशा मुक्त भारत के लिए’ अभियान का शुभारंभ मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या करेंगे।  21 सितंबर को पूरे देश में 100 समांतर ‘नमो युवा रन’ मैराथन का आयोजन किया जायेगा, जिनमें प्रत्येक स्थान पर न्यूनतम 10 हजार युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। मप्र के 8 स्थानों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, रतलाम, सागर और उज्जैन में ‘नमो युवा रन’ का आयोजन होगा। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने से जुड़ी है, जिसमें फिटनेस, अनुशासन और नशा मुक्त भारत के संदेश को युवा शक्ति के माध्यम से आगे बढ़ाने पर बल दिया गया है। श्री पवार ने बताया कि मोर्चा रक्तदान शिविर सहित ‘सेवा पखवाड़ा’ के सभी कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता करेगा। 

मोर्चा बनाएगा रक्तदाता डायरेक्टरी 

युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री पवार ने बताया कि युवा मोर्चा हर वर्ष हजारों की संख्या में रक्तदान शिविर आयोजित करता है, लेकिन ब्लडबैंकों में इतनी मात्रा में रक्त रखने का स्थान नहीं होता है। इसलिए मोर्चा ने निर्णय लिया है कि रक्तदाता और रक्तदाता समूहों से संपर्क कर एक डायरेक्टरी तैयार की जाएगी। जहां भी रक्त की जरूरत होगी। मोर्चा के कार्यकर्ता रक्त उपलब्ध कराएंगे।  श्री पवार ने बताया कि मोर्चा में वर्तमान में लगभग 60 हजार से अधिक सदस्य हैं।