राजधानी

Image Alt Text

17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होंगे रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर

राजधानी

भोपाल। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा व्यापक स्तर पर रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर को जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में वृहद स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जिसमें शासकीय और निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। जिले के 27 ब्लड सेंटर्स में इन हाउस एवं आउटरीच रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर 24 सितंबर तक निरंतर आयोजित होंगे। 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर, सिविल अस्पताल बैरागढ़ एवं बैरसिया ब्लॉक के ग्राम रतुआ में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। पखवाड़े में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। 17 सितंबर को  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अभियान में मुख्य रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर आधारित गतिविधियां सम्मिलित की गई है, जिसका उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता को बढ़ाना, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, एनीमिया एवं सिकल सेल रोगों तथा क्षय रोग कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग किया जाना है। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्रों का चयन कर उनके माध्यम से फूड बास्केट का वितरण कराया जाएगा।