Breaking News:
राजनीति
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्सव नहीं, सेवा पर्व मनाएगी भाजपा
राजनीति
75वें जन्मदिन पर कल मप्र में रहेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी भाजपा
भोपाल। बुधवार, 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 75वां जन्मदिन है। जन्मदिन पर प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश में रहेंगे और धार जिले के भौंसोला गांव से देश-प्रदेश के किसानों और महिलाओं को बड़े उपहार देंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर भाजपा उनके जन्मदिन को उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा पर्व के रूप में मनाएगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी दूसरी बार मध्यप्रदेश की धरती पर रहेंगे। ऐसी स्थिति में भाजपा ने धार जिले में उनके कार्यक्रम और प्रदेशभर में जन्मदिन पर सेवा के आयोजनों की विशेष तैयारी की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं दो बार धार पहुंचकर तैयारियां देख चुके हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में सोमवार को इंदौर संभागीय भाजपा कार्यालय में इंदौर नगर के मंडल अध्यक्षों की बैठक ली।
पार्टी और सरकार दोनों मनाएंगी सेवा पखवाड़ा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश की भाजपा सरकार दोनों ही सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सेवा पखवाड़ा के स्वरूप और कार्यक्रमों के संबंध में प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री निवास पर अधिकारियों को निर्देशित कर चुके हैं। जबकि दो दिन पहले भी उन्होंने इंदौर जिले के गांधी सागर से ‘सेवा पखवाड़ा’ की तैयारियों के संबंध में प्रदेशभर के कलेक्टर और कमिश्नर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। वहीं पार्टी में भी प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक प्रधानमंत्री के जन्मदिन और सेवा सप्ताह के आयोजनों को लेकर बैठकें चल रही हैं।
सरकार स्वच्छोत्सव थीम पर मनाएगी पखवाड़ा
मप्र में सेवा पखवाड़ा के दौरान सरकार और पार्टी के स्तर पर सेवा और सुविधा से जुड़े कई कार्यक्रम और गतिविधियां होंगी। स्वच्छता ही सेवा की थीम पर आयोजित सेवा पखवाड़ा में स्वच्छोत्सव की थीम पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अस्वच्छ क्षेत्रों का चिह्नांकन कर उन्हें स्वच्छ बनाने के लिए गतिविधियां होंगी। सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित होंगे। सरकार की विभिन्न गतिविधियों में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों को भी सहभागी बनाया जाएगा। इसके अलावा मंत्री, प्रशासनिक, अधिकारी और राजनीतिक पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता- सेवा गतिविधियों में शामिल होंगे।
सेवा पखवाड़ा में होंगे यह आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हर दिन-अलग-अलग आयोजन होंगे। 6 से 10 सितंबर तक जिला स्तर और 11 से 13 सितंबर तक मंडल स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन होगा। 17 से 24 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर, 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर व प्रदर्शनी, 19 -20 सिंतबर को प्रबुद्वजन सम्मेलन और 21 से 25 सिंतबर तक खेल प्रतियोगिताएं एवं प्रदेश के महानगरों में नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम होंगे। 27 और 28 सिंतबर को दिव्यांग और विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कर खादी की सामग्री खरीदकर जन-जन को जागरूक करके स्वदेशी को बढ़ावा दिया जाएगा।
अन्य खबर
ट्रेंडिंग खबरें
व्यापार
4 हजार क्विंटल से अधिक चीनी का भंडार नहीं रख सकेंगे डीलर
01-09-26
मध्यप्रदेश
रात 8 बजे चढ़ता है पतीला, रात 12 बजे मासूमों का भोजन तैयार, ठेकेदार की...
01-09-26
मध्यप्रदेश
मासूमों के पोषण आहार में फर्जीवाड़े के खुलासे से परेशान डीपीओ बोलीं गड़बड़ी पर मैं...
01-09-26
राजधानी
अंशुमन यादव बने एडीजी इंटेलीजेंस, चंचल शेखर डायरेक्टर खेल विभाग, मप्र में बदलीं वरिष्ठ आईपीएस...
29-08-26
मध्यप्रदेश
ठेकेदार गटक रहे मासूमों का पोषण आहार, ग्वालियर में मासूमों को गर्म भोजन और महिला...
29-08-26