अपराध

Image Alt Text

मप्र में छह महीने में कम हुई ईडी की सक्रियता

अपराध

मार्च अंत तक एक महीने में 9, छह महीने में कुल 15 कार्रवाई 

भोपाल। दिसम्बर से मार्च तक मध्यप्रदेश में विशेष रूप से सक्रिय नजर आई प्रवर्तन निदेशालय की सक्रियता पिछले छह महीने में अपेक्षाकृत कम हुई है। छह महीने पूर्व अकेले मार्च महीने में प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने मप्र में 9 कार्रवाईयां की थीं, लेकिन पिछले छह महीने में कुर्की, छापे, और न्यायालय में आरोप पत्र सहित कुल 15 कार्रवाईयां ही हुई हैं। 

उल्लेखनीय है कि दिसम्बर से जनवरी के बीच प्रवर्तन निदेशालय ने परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा, उसके परिजनों, रिस्तेदारों और साझेदारों के ठिकानों पर, पीपुल्स ग्रुप की 280 करोड़ की संपत्तियों की कुर्की, पूर्व डीआईजी उमेश गांधी और उनके परिजनों के नाम की 4.68 करोड़ की संपत्ति की कुर्की, फरवरी में पीडब्ल्यूडी के पूर्व इंजीनियर की 2.50 करोड़ की संपत्ति की कुर्की जैसी कई बड़ी कार्रवाईयां की थीं। दिसम्बर से जनवरी के बीच भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में ईडी विशेष रूप से सक्रिय नजर आई थी। लेकिन नए वित्तीय वर्ष की शुरूआत से अप्रैल में दो, मई में शून्य, जून और जुलाई में 2-2, अगस्त में 5 और सितम्बर में अब तक चार कार्रवाईयां हो चुकी हैं।

 पिछले छह महीने में ईडी की कार्रवाईयां 

9 अप्रैल 2025 (ईडी, इंदौर): परिवहन के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा और साथियों के विरुद्ध विशेष न्यायालय (पीएमएलए), भोपाल के समक्ष अभियोजन शिकायत दायर की गई। 

29 अप्रैल 2025 (ईडी, इंदौर): भोपाल, इंदौर, मंदसौर आदि में शराब ठेकेदारों के 13 परिसरों पर छापा, आपत्तिजनक एवं अचल संपत्तियों के दस्तावेज और 7.44 करोड़ रुपये जब्त किए। बैंक खातों में 71 लाख रुपये का खाता शेष और बैंक लॉकर फ्रीज किए।

7 जून 2025 (ईडी, भोपाल): डबल मनी घोटाले के मामले में पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत लगभग 2.98 करोड़ रुपये  की अचल संपत्तियों को अनंतिम रूप से कुर्क किया। 

26 जून 2025 (ईडी, भोपाल): ब्लॉक शिक्षा कार्यालय, क_ीवाड़ा, जिला अलीराजपुर में फर्जी बिलों से गबन मामले में अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों के यहां छापा। आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए और तीन बैंक खातों में लगभग 25 लाख रुपये फ्रीज किए। 

4 जुलाई 2025 (ईडी, इंदौर): इंदौर नगर निगम में हुए फर्जी बिल घोटाले में 34 करोड़ रुपये (लगभग) की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की। इनमें मप्र और उप्र में स्थित 43 अचल संपत्तियां शामिल। 

9 जुलाई 2025 (ईडी, भोपाल): आय से अधिक संपत्ति मामले में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पूर्व प्रवर्तन अधिकारी श्यामलाल अखंड और अन्य की 50.80 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्तियां कुर्क। 

5 अगस्त 2025 (ईडी, भोपाल): धोखाधड़ी, जालसाजी और भारतीय स्टेट बैंक को 1266.63 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में मेसर्स एडवांटेज ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड (एओपीएल) के यहां छापा। कई आपत्तिजनक साक्ष्य जब्त किए।

8 अगस्त 2025 (ईडी इंदौर): ब्लॉक शिक्षा कार्यालय क_ीवाड़ा, अलीराजपुर, मप्र के कोष से फर्जी बिल पास करने और सरकारी धन की हेराफेरी के मुख्य षडय़ंत्रकर्ता कमल राठौर की गिरफ्तारी। 

11 अगस्त 2025 (ईडी इंदौर): अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी/सट्टा-मटका ऐप धनगेम्स के मामले में निखिल पी. हलभवी एवं अन्य के विरुद्ध विशेष न्यायालय (पीएमएलए), इंदौर में आरोप पत्र पेश। 

13 अगस्त 2025 (ईडी इंदौर): किशोर वाधवानी, नितेश वाधवानी, श्रीमती पूनम वाधवानी और मेसर्स दबंग दुनिया पब्लिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड की लगभग 11.33 करोड़ (वर्तमान मूल्य 20 करोड़ से अधिक) की अचल संपत्तियां कुर्क। 

21 अगस्त 2025 (ईडी, भोपाल): डबल मनी स्कैम मामले में अजय तिडक़े एवं अन्य की बैंक खातों, जीवन बीमा पॉलिसियों और म्यूचुअल फंड के रूप में जमा 1.49 करोड़ रुपये मूल्य की 26 चल संपत्तियां कुर्क। 

1 सितम्बर 2025 (ईडी, भोपाल): आय से अधिक संपत्ति मामले में सेवानिवृत्त व्याख्याता संतोष कुमार शर्मा और परिजनों की टीकमगढ़, झांसी में स्थित 27 संपत्तियों और बैंक खातों में जमा राशि 1.27 करोड़ कुर्क। 

16 सितम्बर 2025 (ईडी, भोपाल): बैंक धोखाधड़ी मामले में मेसर्स रंजीत ऑटोमोबाइल्स एवं अन्य की 27.30 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क। 

20 सितम्बर 2025 (ईडी, भोपाल): बैंक धोखाधड़ी मामले में मेसर्स जूम डेवलपर्स प्रा.लि. की महाराष्ट्र में स्थित 1.15 करोड़ की तीन अचल संपत्तियां कुर्क। 

20 सितम्बर 2025 (ईडी इंदौर): कट्ठीवाड़ा, जिला अलीराजपुर के ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से बिलों के फर्जी निकासी और सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की 14 अचल संपत्तियां कुर्क।