मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मप्र के 18 जिलों में 39.19 लाख मासूम पिएंगे पोलियो की दवा

मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने की तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शून्य से 5 साल तक के बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलाएं। इस तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान में मप्र के 18 जिलों के 39.19 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के 18 जिलों के लिए 3 दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री ने अपने हाथ से बच्चों को पोलियो से बचाव की दो बूंद दवा पिलाई। अभियान के तहत शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। 

आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण की नीव भी ये दो बूंदें  

अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, पोलियो की दो बूंदें न सिर्फ किसी भी बच्चे को जीवनभर के लिए सुरक्षित करती हैं, बल्कि ये एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण की नींव भी हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक पीने से वंचित न रहे। पोलियो जैसी बीमारी एक बच्चे को आजीवन पराश्रित बना सकती है, ऐसे में इसे पूर्ण रूप से उन्मूलन हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

24 हजार बूथों, फिर घर-घर पिलाई जाएगी दवा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 18 जिलों में चलाए जा रहे इस तीन दिवसीय अभियान में 64 हजार से अधिक वैक्सीनेटर्स 24 हजार से अधिक पल्स पोलियो बूथों के माध्यम से दवा पिलाएंगे। साथ ही अनिवार्य रूप से घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जिससे हर बच्चा पोलियो से सुरक्षित होकर ताउम्र स्वस्थ रह सके।

पोलियो के विरुद्ध आगे भी जारी रहेगा युद्ध

12 छोटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर पल्स पोलियो अभियान कर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी हर बार अपने छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाते रहे, तभी पोलियो के खिलाफ हमारा युद्द जारी रहेगा।उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वस्थ और सशक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एमपी दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ रहा है। हर घर से सहयोग मिलेगा तो हमारा प्रदेश जल्द ही ‘पूर्ण रूप से पोलियो मुक्त प्रदेश’ बनेगा।

इन जिलों में चलेगा तीन दिवसीय अभियान 

अनूपपुर, बैतूल, भिंड, भोपाल, छिंदवाड़ा, दतिया, देवास, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, कटनी, खंडवा, खरगौन, मंडला, मंदसौर, मुरैना, नरसिंहपुर और नीमच।