राजनीति

Image Alt Text

क्या फर्जी किसान लेकर केन्द्रीय मंत्री के द्वार पर पहुंचे जीतू!

राजनीति

भोपाल। केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान के बंगले पर करीब एक सैकड़ा कथित किसानों की भीड़ लेकर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को जब श्री चौहान ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बंगले के अंदर आमंत्रित किया, तो पटवारी खुद दरवाजे पर खड़े होकर और बोले जो असली किसान हैं, वे अंदर आएं, मैं नाम लेकर बुलाता हँू। सवाल उठता है कि पटवारी अपने साथ फर्जी किसानों की भीड़ लेकर प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। 

शिवराज की सहजता ने निकाली पटवारी के प्रचार की हवा 

बिना पूर्व सूचना के गेहँू के बोरे और भीड़ लेकर केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की तैयारियां बता रही थीं कि वे किसानों की समस्या से अधिक वे सोशल मीडिया पर खुद का प्रचारित कर राजनीतिक लाभ के लिए पहुंचे थे। कुर्ते की जेब में फंसे माइक आईडी, कैमरे लेकर तैयार खड़ी उनकी निजी प्रचार टीम। लेकिन केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान को जैसे ही दरवाजे पर किसानों के पहुंचने की सूचना मिली, वे स्वयं ही बाहर किसानों के बीच पहुंच गए। पटवारी को नजरअंदाज कर श्री चौहान किसानों से चर्चा के लिए आगे बढ़े तो पटवारी कुछ समय के लिए असहज हो गए। हालांकि बाद में श्री चौहान ने पटवारी से पूछा कि वे स्वयं किसानों से बात करना चाहते हैं तो यहीं खड़े होकर करनी है या अंदर बैठकर। पटवारी की सहमति से उन्होंने पांच किसानों का प्रतिनिधिमंडल बंगले में बुलाया। अंदर उन सभी का स्वागत किया और गंभीरता से पटवारी और किसानों की बात सुनी। केन्द्रीय मंत्री की सहजता से पटवारी के साथ पहुंचे किसान संतुष्ट दिखे। इससे पटवारी का प्रदर्शन बिखरता नजर आया। इसके बाद किसानों से दूर होकर पटवारी अपनी कार पर चढ़ गए और प्रदर्शन के संबंध में मीडिया को बयान दिया। 

यह थी कांग्रेस अध्यक्ष की मांग और आरोप 

केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान के बंगले पर प्रदर्शन के दौरान पटवारी ने मीडिया से चर्चा में बताया कि किसानों को समर्थन मूल्य की मांग लेकर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव के पहले भाजपा ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3100 रुपये, गेहँू का 2700 रुपये और सोयाबीन का 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था। लेकिन सरकार ने सिर्फ भावांतर की रस्म अदायगी की है। उन्होंने कहा कि किसान भावांतर नहीं, फसल का भाव मांग रहे हैं। उन्होंने राज्य में कर्ज के कारण 8 किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने का भी दावा किया। 

बिना अनुमति प्रदर्शन, पटवारी पर एफआईआर

बिना प्रशासनिक अनुमति के केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले पर भीड़ के साथ प्रदर्शन करने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के विरुद्ध पुलिस ने टीटी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की है।