अपराध

Image Alt Text

घर की चौथी मंजिल से गिरने से नायब तहसीलदार की मौत

अपराध

विदिशा। मंगलवार दोपहर 12 बजे के लगभग सांची रोड स्थित शासकीय आवास के एफ ब्लॉक में तीसरी मंजिल पर रहने वाली विदिशा तहसील के खामखेड़ा-पीपलखेड़ा सर्कल की नायब तहसीलदार कविता कंडेला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। छत से गिरने के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के पहले ही उनकी मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता, एसपी रोहित काशवानी, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी शासकीय आवास पर पहुंचे। घटना के बाद राजस्व परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम सहित पुलिस द्वारा बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है।

वहीं इस मामले में टीआई कोतवाली आनंद राज  ने बताया कि पुलिस मौके पर हर सबूत खंगाल रही है। छत के किनारों, सीढ़ियों और घटना स्थल पर मिले संभावित निशानों की जांच जारी है। कविता के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जिनके बयान पुलिस के लिए बेहद अहम होंगे। परिजनों के आने के बाद पीएम कराया जाएगा, साथ ही उनकी मौजूदगी में ही घर के अंदर की तलाशी ली जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या हादसे का।

दो बार पीएससी परीक्षा की पास

नायब तहसीलदार कविता कंडेला अचानक अपने तीसरी मंजिल निवास की बालकनी से गिरने के कारण घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया इस मामले की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली तो वह अपने परिवार के साथ शाम को विदिशा पहुंचे। पिता ओमप्रकाश कंडेला ने बताया कि उनकी बेटी कविता की पोस्टिंग विदिशा में चार-पांच महीने पहले ही हुई थी। कविता तीन भाई बहन है। जिसमें कविता पढ़ने लिखने में काफी होशियार थी और वह पढ़ाई में हमेशा अव्वल रही है। उन्होंने कहा की कविता ने पीएससी की परीक्षा दूसरे प्रायस में उत्तीर्ण की है और गोल्ड मेडलिस्ट भी रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात्रि में कविता से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान कविता ने कहा था कि एसआईआर का काम चल रहा है, ज्यादा परेशानी चल रही है। सुबह बात नहीं कर पाऊंगी शाम को बात करती हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी तनाव में नहीं थी, पढ़ने लिखने में वह काफी होशियार थी। उन्होंने कहा कि समझ में नहीं आ रहा कि ऐसा कदम क्यों उठाया क्या मजबूरी थी समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी दी गई थी कि कविता सीढ़ियों से गिर गई है आप लोग आ जाइए। उन्होंने कहा कि कविता हमेशा कोई भी बात नहीं छिपाती थी और वह सबसे खुलकर बात करती थी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा परिवार दुखी है। ईश्वर ने जो घटनाक्रम किया है उसमें कोई क्या कर सकता है। वहीं इस मामले में पुलिस बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी हुई है ताकि घटना की सच्चाई की जानकारी लगाई जा सके। दिन भर अस्पताल में जिले के अधिकारी मौजूद रहे और पल-पल की घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारी लेते हुए नजर आए। वहीं इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। किसी को भी है समझ में नहीं आ रहा था कि यह घटना आखिर कैसे घटित हुई।