अपराध

Image Alt Text

भोपाल में पुलिस ने पकड़ी 1.20 करोड़ की शराब, प्लास्टिक दाना बताकर गुजरात भेजी जा रही थी अंग्रेजी शराब की 12 सौ पेटियां

अपराध

भोपाल। भोपाल पुलिस ने गुरूवार तडक़े अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। इस ट्रक से कुल 1200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है। शराब को भोपाल से इंदौर और वहां से आगे गुजरात भेजने की तैयारी थी।

थाने के सामने नाकाबंदी कर पकड़ा ट्रक 

खजूरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध शराब से भरा एक बड़ा ट्रक भोपाल से इंदौर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने थाने के सामने नाकाबंदी की और गुरुवार तडक़े 3 से 4 बजे के बीच निकले इस ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा ट्रक रोके जाते ही चालक ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन स्टॉपर लगाकर उसे पकड़ लिया गया।

बैरागढ़ से भरी अवैध शराब 

पुलिस पूछताछ के दौरान चालक शराब के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। चालक का कहना है कि उसे भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में माल भरवाया गया था और इंदौर में एक व्यक्ति माल लेने वाला था। कंटेनर में शराब को प्लास्टिक दाना दिखाकर भेजा जा रहा था। ट्रक में माल भरे जाने के दस्तावेज भी पुलिस को फर्जी मिले हैं। 

इन कंपनियों की मिली शराब

- रॉयल स्टेज, रॉयल चैलेंज, बैग पाइपर, ओल्ड मोंक, सिग्नेचर

आबकारी विभाग करेगा आगे की कार्रवाई 

खजूरी थाना पुलिस के अनुसार शराब पकड़े जाने की यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। पूरी जब्ती कर ट्रक और ड्राइवर को थाने लाया गया है। शराब जब्ती की सूचना आबकारी विभाग को दे दी गई है। आगे की विधिक कार्रवाई आबकारी विभाग ही करेगा।