Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजनीति

Image Alt Text

कांग्रेस की महिला विधायक बनी पूतना, विधायकों ने थामे पुतले

राजनीति

छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से मासूमों की मौत पर विपक्ष का प्रदर्शन

भोपाल। मप्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्ष ने छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से हुई 20 से अधिक बच्चों की मौत के विरोध में विधानसभा परिसर में अनूठा प्रदर्शन किया। कांग्रेस की जोबट से विधायक श्रीमती सेना पटेल स्वयं पूतना बनकर एवं विपक्ष के शेष विधायक बच्चों के पुतले और सरकार के खिलाफ तख्तियां हाथ में थामकर  लेकर विधानसभा पहुंचे। महिला विधायक श्रीमती पटेल ने स्वयं को सरकार की पूतना बताया, और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा सरकार के विरोध में किए गए प्रश्नों के उत्तर दिए। 

मप्र विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मप्र विधानसभा के पूर्व सदस्यों, देश-प्रदेश के अन्य दिवंगत पूर्व जनप्रतिनिधियों, फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र,दिल्ली के लालकिले के पास हुए कार बम धमाके में मारे गए लोगों और छत्तीसगढ़ के राजनादगांव जिले के जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ में दिवंगत हुए हॉकफोर्स निरीक्षक आशीष शर्मा के निधन का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सभी दिवंगतों के प्रति शोक संवेदना अर्पित करने के बाद छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप और इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों के कुतरने के बाद बच्चों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की, साथ ही बच्चें के निधन का उल्लेख नहीं होने पर सरकार पर आरोप लगाए। इस पर सदन में भी हंगामा हुआ और सत्तापक्ष की ओर से विश्वास सारंग ने इसे ध्यानाकर्षण या अन्य काल में उठाने की बात कही।  

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एसआईआर में ड्यूटी कर रहे बीएलओ की मौत पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ बच्चों की मृत्यु पर शोक व्यक्त कर रहा हूं। ये इंसानियत पर प्रश्नचिह्न है। सिंघार ने आठ बीएलओ की मौतों का उल्लेख किया किया तो मंत्री सारंग ने आपत्ति की। कहा- नेता प्रतिपक्ष गरिमा का ध्यान रखें। अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा- शोक प्रस्ताव का समय ऐसा होता है, जिसमें श्रद्धा सुमन अर्पित करने तक सीमित रहना चाहिए। आगे इसका ध्यान रखें। सिंघार बोले- मैंने कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाए हैं।

आदिवासी मजदूरों को नहीं हुआ भुगतान

कांग्रेस विधायक अजय सिंह और हीरालाल अलावा ने नियम 138 (1) के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया। इसमें सीहोर जिले के करबी 2000 आदिवासी मजदूरों को उनकी मजदूरी का लगभग 8 करोड़ का भुगतान नहीं किए जाने और वन राज्य मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। मंत्री ने कोई भी भुगतान लंबित नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मजदूरों के खाते में भुगतान कर दिया गया है। अजय सिंह ने कहा कि उनके ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के बाद भुगतान हुआ है। भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा गौहरगंज रेप केस के आरोपी को ऐसी सजा मिले जो नजीर बने।

सत्र छोटा, बात नहीं रख पा रहे विधायक 

प्रश्नोत्तर काल खत्म होने के बाद जैसे ही ध्यान आकर्षण प्रस्ताव रखे जाने थे तभी विधायक भंवर सिंह शेखावत ने विधानसभा सत्र छोटा होने को लेकर कहा कि विधायकों की भूमिका समाप्त करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। विधायक अपनी बात नहीं रख पाते हैं। अधिकारियों की मनमानी बढ़ रही है। किसान आंदोलन कर रहे हैं। इन सब बिंदुओं पर चर्चा कैसे हो पाएगी। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इसका विरोध किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी बोलने लगे और सदन में हंगामा की स्थिति बन गई। कांग्रेस के सारे विधायक नेता प्रतिपक्ष के सीट के पास आकर खड़े हो गए और सदन की अवधि बढ़ाने की मांग करने लगे।

मप्र के ओलंपिक खिलाड़ी बनेंगे राजपत्रित अधिकारी 

विधायक दिलीप परिहार ने प्रश्नकाल में सरकारी नौकरी में खिलाडिय़ों को बोनस अंक दिए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली  की तरह मप्र में भी नेशनल खेलने वाले खिलाडिय़ों को 10 बोनस अंक दिए जाने की मांग की। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा मुख्यमंत्री युवा शक्ति योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम बनेगा। विक्रम अवार्डी और अन्य खिलाडिय़ों के मामले में सरकार काम कर रही है। विधायक परिहार ने कहा कि कुश्ती के मामले में मैंने ऐसा देखा है कि हमारे खिलाड़ी दूसरे राज्यों में चले जाते हैं। मंत्री सारंग ने कहा कि बोनस देने का प्रावधान नहीं है। ओलिंपिक खेलने वाले खिलाडिय़ों के लिए राजपत्रित अधिकारी बनाने की प्रक्रिया चल रही है।