राजधानी

Image Alt Text

नए निगम मुख्यालय में भूतल पर बनेगा जनसेवा केन्द्र, आमजन से जुड़े विभाग भी यहीं रहेंगे

राजधानी

भोपाल। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने मंगलवार को तुलसीनगर स्थित नए निगम मुख्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यालय भवन के भूतल पर जनसेवा केन्द्र एवं आम नागरिकों से जुड़े विभागों के संचालन की व्यवस्था की जाए। निगम के दूसरे विभागों को अन्य तलों से संचालित किया जाए। 

निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने मुख्यालय के प्रत्येक तल पर बनाए गए कक्षों आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं निगम के सभी विभागों एवं शाखाओं को मुख्यालय भवन में स्थानांतरित करने की तैयारियां करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने एक समान कार्य वाले विभागों को समान तल पर संचालित करने, आवश्यकतानुसार नोटिस बोर्ड आदि लगाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्रीमती अंजू अरूण कुमार, तन्मय वशिष्ट शर्मा, मुकेश शर्मा, वरूण अवस्थी, हर्षित तिवारी, गुणवंत सेवतकर, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, प्रभारी मुख्य अभियंता उदित गर्ग सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।