राजधानी

Image Alt Text

छह साल बाद भी अधूरा पीएम आवास, महापौर के सामने फूटा हितग्राहियों का गुस्सा, बोले कब तक झेलें लोन और मकान किराए की दोहरी मार

राजधानी

भोपाल। नगर निगम की अधूरी हाऊसिंग फॉर ऑल परियोजना में बुकिंग कराने वाले हितग्राही परेशान हैं। कई हितग्राही बैंक से ऋण लेकर आवास की पूरी राशि भी जमा करा चुके हैं, लेकिन छह साल बाद भी उन्हें आवास नहीं मिल सका है। राजधानी में 12 नंबर, सांई बोर्ड स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के परेशान हितग्राहियों ने मंगलवार को महापौर के सामने सवालों की बौछार कर दी। 

महापौर श्रीमती मालती राय और महापौर परिषद की सदस्य श्रीमती छाया ठाकुर मंगलवार को वार्ड नं. 49 में 12 नंबर मल्टी प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंची। महापौर के निरीक्षण की सूचना मिलते ही यहां बुकिंग कराने वाले हितग्राही पहुंच गए। महापौर को इन हितग्राहियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। हितग्राहियों ने पूछा कि परियोजना का काम पूरा कब होगा? उत्तर में महापौर ने कहा कि रेरा की अनुमति नहीं मिल पाने के कारण काम में देरी हुई है, लेकिन अब अनुमति मिल चुकी है इसलिए जल्द ही काम पूरा होगा। उन्होंने कहा कि मई 2026 तक सभी को आवास दे देंगे। हितग्राहियों ने महापौर से कहा कि पीएम आवास के इस बहुमंजिला आवासीय परिसर में बारिश का पानी भर जाता है। साथ ही भवन की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाए। 

निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति ने महापौर का रास्ता रोककर पूछा कि मकान कब तक देंगे? मैं जनवरी तक रुका हूं। महापौर राय उससे बात की और उसे आश्वस्त किया। इस बीच और भी लोगों ने कहा कि 8 साल बाद भी मकान नहीं मिल पाया है। महापौर राय ने बताया, 12 नंबर मल्टी में जिन लोगों ने घर की बुकिंग कराई थी, उन्होंने बहुत दिनों से पैसा जमा कर रखा है, लेकिन रेरा की अनुमति नहीं मिली थी। इस वजह से लेट हो गए। अब रेरा की अनुमति मिल गई है। इसलिए काम तेजी से कर रहे हैं। अगले साल मई तक सभी मकान लोगों को दे देंगे। हितग्राहियों की पीड़ा सुनने के बाद महापौर ने माना कि घर नहीं मिलने की वजह से लोगों को दो जगह से मार पड़ रही है। पहली बैंक लोन की किश्त और दूसरी मकान का किराया। इसलिए काम को जल्दी पूरा करेंगे।

दो साल में आवास का मिला था आश्वासन

12 नंबर स्थित निगम की इस हाऊसिंग परियोनजना में आवास आवंटन कराने वाले हितग्राहियों ने कहा कि बुकिंग के समय उन्हें बताया गया था कि 2 साल बाद अर्थात वर्ष 2019 में प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, लेकिन 8 साल बीतने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रोजेक्ट अधूरा है। इसके चलते कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बाद कुछ लोगों को घर आवंटित जरूर किए गए हैं।

साल 2017 में हुई थी प्रोजेक्ट की शुरुआत

12 नंबर बस स्टॉप पर पीएम आवास योजना के अंतर्गत 2017 में प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत एमआईजी 216, एलआईजी 576 और ईडब्ल्यूएस 1008 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। निगम ने वर्ष 2017 में ही बड़ा कार्यक्रम कर इन फ्लैट्स की बुकिंग शुरू की थी।