राजधानी

Image Alt Text

स्व. सारंग की प्रतिमा से छेड़छाड़ के विरोध में किया प्रदर्शन

राजधानी

भोपाल। पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. कैलाश नारायण सारंग की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई छेड़छाड़ की घटना के विरोध में भोपाल में बुधवार को कायस्थ समाज और सकल हिंदू समाज ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अटल पथ स्थित पार्क में स्थापित स्व. सारंग की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाकर छेड़छाड़ की गई, जो न केवल एक सम्मानित जनप्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य भी है। इस घटना से आमजन में भारी रोष व्याप्त है। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री) अजय श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष युवा संगठन संजीव श्रीवास्तव, अग्रवाल समाज से वेंकटेश गोयल, पंजाबी समाज के तेज़ेनदर सिंह, जाट समाज से शैलेंद्र वर्मा, मुस्लिम समाज से मुस्तकीम बेग, सैनी समाज से महेश सैनी, माहेश्वरी समाज से गिरधर,अरूण राठी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिक शामिल रहे।