मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मध्यप्रदेश में लौटी कड़ाके की ठंड, जिलों में घना कोहरा, शीतलहर से बढ़ी सर्दी, 27-28 जनवरी को बारिश की चेतावनी

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। रविवार को सुबह राजधानी समेत पूरे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा और सर्द हवाओं का असर देखने को मिला। भोपाल में विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर के बीच रही और सुबह 11 बजे तक कोहरे का असर बना रहा। मौसम की खराब स्थिति के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।  उधर मौसम विभाग ने 27-28 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेद्रन ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिम दिशा से आने वाला बादल और हवा का सिस्टम होता है। इसके सक्रिय होने पर पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होती है। सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर से ठंडी हवाएं चलती हैं, जिससे दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ गई है। वही नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सीधी, रायसेन, उज्जैन, दमोह, सतना, उमरिया, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, छिंदवाड़ा, खजुराहो, मंडला, नौगांव, सागर और मलाजखंड समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

इन शहरों में गिरा रात का तापमान 

रविवार को प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार- रविवार की मध्य रात राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 7.4 डिग्री, गुना में 7.7 डिग्री, पचमढ़ी और श्योपुर में 8.4 डिग्री, नौगांव में 9 डिग्री तथा रतलाम और रीवा में 9.8 डिग्री तापमान रहा। पांच बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 8.4 डिग्री तक गिर गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री, इंदौर में 13.2 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री और जबलपुर में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में होगी बारिश

27 जनवरी - भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम।

28 जनवरी - जबलपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, विदिशा, रायसेन।