राजधानी

Image Alt Text

राजधानी में मिलन रेस्टोरेंट पर आयकर का छापा, कर चोरी के संदेह में आयकर टीम ने की खंगाले दस्तावेज, संचालक से भी की पूछताछ

राजधानी

भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर में स्थित नामी मिठाई की दुकान मिलन रेस्टोरेंट एण्ड फास्टफूड पर रविवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। आयकर टीम ने कार्रवाई के दौरान जहां संचालक से पूछताछ की। वहीं आय-व्यय, बिक्री और बिलिंग से संबंधित रिकार्ड की जांच पड़ताल की। आयकर विभाग को संदेह है कि दुकान में कम बिक्री बताकर संचालक द्वारा कर चोरी की जा रही है। 

रविवार की सुबह मिलन रेस्टोरेंट पर कई ग्राहक नाश्ता कर रहे थे, उसी समय आयकर विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। टीम ने यहां काम कर रहे कर्मचारियों को परिचय दिया तो रेस्टोरेंट में हडक़ंप मच गया। दुकान में कार्रवाई होते देख, मिठाई खरीदने और नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। 

शाम तक चली ग्राहकी के दस्तावेजों की पड़ताल 

रविवार सुबह मिलन पर कार्रवाई के लिए पहुंची आयकर विभाग की टीम ने दुकान में उन सभी दस्तावेजों की पड़ताल की, जिसमें आय-व्यय का लेखाजोखा था। ग्राहकों द्वारा दुकान में नकद और ऑनलाइन किए जा रहे भुगतान पर जारी किए गए बिलों का ऑनलाइन भुगतान के रिकार्ड से मिलान भी किया। आयकर टीम को कर चोरी एवं आय कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में हेराफेरी की आशंका है। 

आग में जलना बताए कई दस्तावेज 

मिलन रेस्टोरेंट में विगत दो सालों में दो बार आग लग चुकी है। एक जून 2024 की रात और 20 दिसम्बर 2025 को यह रेस्टोरेंट भीषण आग का शिकार हो चुका है। संचालक के अनुसार मिठाई एवं अन्य सामान के साथ-साथ रेस्टोरेंट में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी इस आग में जलकर राख हो गए थे।