राजधानी

Image Alt Text

राजधानी के पेट्रोल पंपों पर अफवाहों की कतारें, डीजल-पेट्रोल का पर्याप्त भण्डार, प्रशासन ने भी किया आश्वस्त

राजधानी

भोपाल। अमेरिका और इजराईल के साथ ईरान के युद्ध के चलते पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बाधित होने जैसी अफवाहों के बीच राजधानी भोपाल के पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों की कतारें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कमी अथवा अनुपलब्धता की शिकायत कहीं से नहीं मिली है। पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन और स्वयं कलेक्टर ने संदेश जारी कर जनता को आश्वस्त कर रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया की अफवाहों के चलते सामान्य दिनों की अपेक्षा पेट्रोल पंपों पर वाहनों की अधिक भीड़ नजर आ रही है। 

राजधानी भोपाल में पेट्रोल पंपों पर इन दिनों सामान्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की अधिक भीड़ नजर आ रही है। ग्राहकों की भीड़ के कारण पेट्रोल पंपों पर कतारें भी देखी जा रही हैं। हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों और प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यह भीड़ सिर्फ अफवाहों के कारण नजर आ रही है, जबकि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और न ही निकट भविष्य में इस तरह की संभावना नजर आ रही है। ईधन भरवाने पहुंच रहे कई ग्राहक भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रहे संदेशों से आसंकित होकर कई अपने वाहनों के टेंक फुल करवा रहे हैं।   


सामान्य दिनों की तरह ही बिक रहा डीजल-पेट्रोल

नानके पेट्रोल पंप के प्रबंधक राजेश मिश्रा बताते हैं कि सिर्फ अफवाहें हैं। पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल की कोई  कमी नहीं है। श्री मिश्रा ने कहा कि उनके पेट्रोल पंप पर सामान्य दिनों में भी भीड़ रहती ही है। पर्याप्त मात्रा में ईधन है तो जो ग्राहक जितने की मांग कर रहा है, उसे दिया जा रहा है। कंपनी सामान्य रूप से सप्ताई भी दे रही हैं और कीमतों में भी बढोत्तरी नहीं की गई है।


सोशल मीडिया ने डराया : रोहित 

स्कूटी में पेट्रोल भरवाने पहुंचे माता मंदिर निवासी रोहित ने कहा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल की कमी और कई पेट्रोल पंपों पर नहीं मिलने की सूचना मिली। लेकिन पेट्रोल पंप पर पहुंचकर पता चला कि यह सिर्फ अफवाह है। हालांकि अभी लाइन थोड़ी लम्बी लग रही है। बार-बार की परेशानी से बचने के लिए गाड़ी का टेंक फुल करा लिया है। 


‘सोशल मीडिया की अफवाहों के चलते लोग अधिक ईंधन भरवा रहे हैं। इसलिए ज्यादातर पेट्रोल पंपों का दैनिक स्टॉक हर दिन खत्म हो रहा है।डिपो से पेट्रोल आने में कुछ समय जरूर लगता है, लेकिन कमी नहीं है। ’

नकुल शर्मा, सचिव पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन मप्र