Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजनीति

Image Alt Text

विपक्ष के खिलाफ सडक़ पर दिखा महिला शक्ति का आक्रोश, आक्रोश रैली निकाल कर किया ‘महिला आरक्षण विधेयक’ के गिरने का विरोध, मुख्यमंत्री भी हुए शामिल

राजनीति


भोपाल। संसद में ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के गिरने का आक्रोश सोमवार को राजधानी भोपाल की महिलाओं और महिला जनप्रतिनिधियों में स्पष्ट नजर आया। सोमवार को एमव्हीएम मैदान पर आक्रोश प्रदर्शन के बाद रोशनपुरा चौराहा तक निकाली गई ‘जन आक्रोश महिला यात्रा’ में भी कांग्रेस को खूब कोसा। इस पद यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित प्रदेश सरकार की कई महिला मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक की कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। आक्रोश यात्रा का समापन मुख्यमंत्री ने काले गुब्बारे उड़ाकर किया। 

निंदा प्रस्ताव के लिए बुलाएंगे विधानसभा का विशेष सत्र: मुख्यमंत्री 

एमव्हीएम मैदान परिसर में महिला आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी सब भूल सकती है लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने महिलाओं के अधिकार का बिल गिरने पर खुशियां मनाईं। जश्न मनाया। हम बहनों के अधिकार को कुचलने के खिलाफ विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित करेंगे।

अब कहां गईं प्रियंका गांधी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी बड़ी-बड़ी बातें करती थीं कि मैं नारी हूं, लड़ सकती हूं। लेकिन वह बड़ी-बड़ी बातें कहां गईं, जब आपने बहनों के अधिकारों को फांसी देने का काम किया। राहुल गांधी के पिताजी ने भी 40 साल पहले तीन तलाक लागू कर बहनों के अधिकारों पर डाका डाला था। यही कांग्रेस का अतीत है।

मौका मिले तब आक्रोश दिखाएं बहनें: खंडेलवाल 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जब मौका लगे, तब बहनें अपना आक्रोश दिखाएं। कांग्रेस के नेताओं से पूछे कि बहनों को अपमानित करने का अधिकार आपको किसने दिया? कांग्रेसियों के घर जाकर पूछें कि जो बहन आपके घर की शोभा बढ़ाती है, जिस मां ने आपको जन्म दिया, उनके सपनों को चूर-चूर करने का हक किसने दिया?

अपमान का जवाब देगी मातृशक्ति: परांजपे 

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम गिराकर जश्न मनाया, यह महिलाओं के अपमान का प्रतीक था। मातृ शक्ति इस अपमान का जवाब देगी। पंचायत राज्यमंत्री राधा सिंह, अपनी बेटी अंजलि सिंह के साथ जन आक्रोश महिला पदयात्रा में शामिल हुई। उन्होंने कहा- आजादी के इतने सालों बाद भी हमें अपने हक के लिए लडऩा पड़ रहा है। राहुल गांधी को शर्म आना चाहिए कि उन्होंने बहनों का साथ नहीं दिया। मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों ने महिलाओं को हक देने का विरोध किया है। हम सडक़ों पर उतरकर उसका विरोध कर रहे हैं। सागर लोकसभा सीट से सांसद लता वानखेड़े ने कहा- ये केवल विधेयक नहीं, बल्कि महिलाओं के पंचायत से पार्लियामेंट तक पहुंचने का दरवाजा था, जिसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने बंद कर दिया। विपक्ष को महिलाओं का सशक्तिकरण नहीं चाहिए। ये वही लोग हैं, जो मंच पर महिलाओं की बात करके बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं। लेकिन इनकी सोच है कि महिलाएं सिर्फ भीड़ का हिस्सा रहें। तालियां बजाएं, नेतृत्व न करें।

मंच से हुई कवयित्री अंबिका जैन की प्रस्तुति

जन आक्रोश महिला सभा की शुरूआत कवयित्री अंबिका जैन अम्बर के गीतों से हुई। उन्होंने गीतों के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, सांसद सुश्री कविता पाटीदार, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे और कवयित्री श्रीमती अनामिका अम्बर ने संबोधित किया। इसके अलावा कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री करण सिंह वर्मा, श्रीमती संपत्तियां उइके, सुश्री निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, चेतन्य कश्यप, श्रीमती कृष्णा गौर, नारायण सिंह पवार, श्रीमती प्रतिमा बागरी, श्रीमती राधा सिंह के अलावा राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीक और श्रीमती माया नारौलिया के अलावा पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।