राजनीति

Image Alt Text

एक से 30 मई तक होंगे भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग, जिला प्रशिक्षण वर्गों से पहले प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और प्रभारियों की बैठक

राजनीति

भोपाल।भारतीय जनता पार्टी के ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार, 28 अप्रैल को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संभागीय प्रभारी विजय दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी ने पीपीटी के माध्यम से वर्ग की जानकारी दी एवं मंच का संचालन संभाग प्रभारी  अभय प्रताप सिंह यादव ने किया। 

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तर के प्रशिक्षण वर्ग एक से 30 मई के बीच प्रदेशभर में आयोजित किए जाने हैं। इन प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को 11 अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार, मंडल स्तर पर हुए प्रशिक्षणों की समीक्षा और ‘नारी शक्ति वंदन’ को लेकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।  बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, प्रदेश प्रशिक्षण टोली, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभागीय प्रशिक्षण टोली, सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी, प्रशिक्षण महाअभियान के जिला संयोजक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण श्रद्धा का विषय, इसे बोझ न समझें: शिवप्रकाश 

प्रशिक्षण बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता को गढक़र संगठन को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम है। पराजय के दौर में भी विचारधारा, सिद्धांत और नेतृत्व पर हमारा भरोसा कायम रहा। प्रशिक्षण में प्राण डालने की आवश्यकता होती है। यह हमारी श्रद्धा का विषय है, इसे बोझ नहीं समझना चाहिए। वक्ता और व्यवस्था के नाते यदि हम पूरी तैयारी के साथ कार्य करेंगे, तो हमारे प्रशिक्षण वर्ग निश्चित ही सफल और यशस्वी होंगे। 

पार्टी की कार्यपद्धति समझाना प्रशिक्षण का उद्देश्य: खंडेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यपद्धति से पूरी तरह अवगत कराना है। हमारी पार्टी में प्रशिक्षण निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। प्रशिक्षण पार्टी के कार्यकर्ताओं को विचारधारा, नीतियों और संगठनात्मक कार्यों से अवगत कराने का एक सशक्त माध्यम है।उन्होंने बताया कि पार्टी ने मप्र में 1313 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित हुए हैं। सभी मंडलों मेें शत प्रतिषत वर्ग हुए, जिनमें एक दिन का रात्रि वर्ग और दो दिन का विस्तृत प्रशिक्षण सत्र शामिल था। अब अगले चरण में 1 मई से 30 मई तक प्रदेश के जिलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लगभग 11 विषयों पर सत्र होंगे। इन सत्रों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं, पार्टी की कार्यपद्धति, पार्टी का इतिहास, विचारधारा आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ताकि पार्टी की विचारधारा और विशेष पहचान जनता के बीच स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सके। 

स्वदेशी व सादगी से परिपूर्ण हो प्रशिक्षण वर्ग : जामवाल

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि संगठन के मामले में मध्यप्रदेश एक आदर्श संगठन है। मंडल में शत-प्रतिशत वर्ग के लिए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि तय समय पर मंडल का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न होना हमारे अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा व लगन को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशिक्षण वर्ग स्वदेशी और सादगी से परिर्ण होना चाहिए। हर प्रशिक्षण वर्ग में कुछ नया सीखने को मिलता है। जो कार्यकर्ता पूर्व के वर्षों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों में शामिल हुए थे, उन्हें भी कुछ नया सीखने को मिलेगा। प्रशिक्षण वर्ग में मिलने वाले अनुभवों से कार्यकर्ता पाटी संगठन को आगे ले जाने के लिए कार्य करें। 

वर्ग प्रभारियों की अलग से हुई  बैठक 

प्रशिक्षण वर्ग की संयुक्त बैठक के बाद पार्टी के वर्ग प्रभारियों की अलग से बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ग में की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा के साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आवश्यक निर्देश दिए। 

जल्द आ सकती है भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति 

मंगलवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत हुई  जिला प्रशिक्षण वर्गों की कार्ययोजना बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मई महीने में ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।इसलिए माना जा रहा है कि प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की सूची आज-कल में जारी हो सकती है।