Breaking News:
मध्यप्रदेश
30 करोड़ की अवैध वसूली का संरक्षक कौन?
मध्यप्रदेश
परिवहन विभाग में नई व्यवस्था का सौरभ शर्मा कौन? अवैध वसूली पर मंत्री मौन!
भोपाल। मप्र परिवहन विभाग के चेकपोस्ट, चेकपॉइंट के नाम से फिर से शुरू हो गए हैं। राजमार्गों से गुजर रहे हर ट्रक-डंपर से 500-1000 रुपये की अवैध वसूली जारी है। सूत्र बताते हैं कि हर महीने की वसूली करीब 30 करोड़ रुपये से ज्यादा है। सब कुछ परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह के संज्ञान में है, लेकिन वे इस पर मौन साधे हैं। सवाल उठता है कि इस अवैध वसूली के करोड़ों रुपये से किसकी और किस-किस की जेब गर्म हो रही है। सरकार में इसका संरक्षक कौन है?
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 1 जुलाई 2024 से परिवहन विभाग के सभी चेकपोस्ट और इन पर होने वाली अवैध वसूली को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया था। मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी भी दी थी कि अगर कोई भी परिवहन कर्मी अवैध वसूली करता मिला तो सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद करीब पांच महीने तक तो परिवहन विभाग ने नवगठित चेकपॉइंट पर वाहनों की जांच तक करना छोड़ दिया था, लेकिन मामला ठंडा पड़ते ही चेकपॉइंट पर अवैध वसूली फिर से शुरू हो गई है। सिर्फ इतनी राहत है कि पहले प्रत्येक ट्रक-डंपर से उसकी क्षमता के हिसाब से डेढ़ से साढ़े तीन हजार तक वसूले जा रहे थे, अब 500 और एक हजार रुपये तक की वसूली की जा रही है।
फ्लाइंग मुखिया प्रायवेट कटर, चप्पलों से पिटा
मंडला जिले के पांडुतला आरटीओ चेकपोस्ट से हटकर सडक़ पर वाहनों को रोककर वसूली के लिए पहुंचे परिवहन दस्ते का मुखिया बनकर अजय परिहार नाम का कटर पहुंचा। पैसे नहीं देने पर ट्रक चालक को उतारकर उससे मारपीट करते दिखे परिवहन कर्मियों के साथ सादा कपड़ों में शामिल यह कटर अजय परिहार चालक की मारपीट करते हुए आरटीओ फ्लाइंग वाहन से डंडा निकालता वीडियो में नजर आया। लेकिन पूरे परिवहन दस्ते पर भारी पड़े इस ट्रक चालक ने अपना बचाव करते हुए इस कटर परिहार के मुंह और सिर में चप्पलों से प्रहार कर दिया। ट्रक चालक के बचाव में एकत्रित हुए दूसरे ट्रक चालकों ने हंगामा किया तब चेकपोस्ट प्रभारी आरटीआई पहलवान सिंह भिलाला सेटिलमेंट करने पहुंचे। सवाल उठता है कि जब परिवहन आयुक्त ने सहायक उप परिवहन निरीक्षक स्तर तक ही चेकिंग के अधिकार दिए हैं तो आरटीआई भिलाला ने आरक्षकों के साथ चेकिंग के लिए कटर को क्यों भेजा। कटर के सहयोग से वसूली कराने वाले आरटीआई भिलाला और वीडियो में नजर आ रहे आरक्षक मनोज करोसिया, नरेन्द्र परिहार और मौर्य पर अधिकारी कार्रवाई करेंगे?
गुंडे-बदमाशों को चेकपॉइंट पर मिला रोजगार
परिवहन दस्ते के सहयोग के लिए कटर (प्रायवेट वसूलीखोर) के रूप में चेकपॉइंट के आसपास के बेरोजगार गुंडे-बदमाशों, लठेतों की भर्ती एक बार फिर से शुरू हो गई है। कई चेकपोस्ट पर 40-50 तक कटर नियुक्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा करीब 50 कटर मुरैना चेकपोस्ट पर हैं। जो पुराने मुख्य कटर रामबाबू अग्रवाल के इशारे पर काम कर रहे हैं। विगत 22 मई को झाबुआ जिले के पिटोल चेकपॉइंट पर अवैध वसूली करते हुए एक कटर की ट्रॉले की चपेट में आने से मौत हो गई थी। चेकपॉइंट प्रभारी टीएसआई जयदीप पुंगालिया ने मृतक को मेस कर्मचारी बताकर पल्ला झाड़ा। इसी तरह खिलचीपुर में फूलचंद विश्वकर्मा, सौंसर में सेंगर (दद्दू), चिरूला में समर सिंह, मोतीनाला में अजय सिंह परिहार (पहले सत्यनारायण (सत्तू)) नाम के कटर ने अवैध वसूली के ठेके ले लिए हैं।
अवैध वसूली एमपी पीएससी टॉपर की समाजसेवा!
मुरैना चेकपॉइंट पर पदस्थ टीएसआई शंकर पचौरी 2017 में हुई मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 30वीं रैंक पर रहे थे। उनका चयन सहायक संचालक महिला बाल विकास विभाग के लिए हुआ। लेकिन उन्होंने इस महत्वपूर्ण पद को ठोकर मार दी, क्योंकि वे 2016 की परीक्षा में 60वीं रैंक प्राप्त कर परिवहन विभाग में टीएसआई बन चुके थे। एमपी पीएससी परीक्षा की तैयारियों में जुटे छात्रों के एक बैच को संबोधित करते हुए श्री पचौरी का एक वीडियो ऑनलाइन उपलब्ध है, जिसमें वे शिक्षा से लेकर बीएचईएल की नौकरी और सिविल सर्विसेज तक के सफर को उल्लेखित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे जनता की भलाई के काम और सामाजिक पहचान वाली नौकरी करना चाहते थे, इसलिए सिविल सेवा की ओर रुख किया। अब सवाल उठता है कि क्या महिला बाल विकास विभाग जैसे महत्वपूर्ण और उच्च पद पर रहकर समाजहित के काम नहीं हो सकते थे, क्या परिवहन चेकपोस्ट पर ट्रक चालकों से लूट-खसोट से जनता का भला हो रहा है?
मंत्री और निज सहायक ने नहीं उठाया फोन
परिवहन विभाग में अवैध वसूली व्यवस्था के संबंध में प्रतिक्रिया के लिए विभागीय मंत्री उदयप्रताप सिंह और उनके निजी सहायक वीरेन्द्र तिवारी को फोन लगाया, लेकिन दोनों ने ही फोन रिसीव नहीं किया।
अन्य खबर
ट्रेंडिंग खबरें
मध्यप्रदेश
रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की...
05-05-26
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26