मध्यप्रदेश

Image Alt Text

आरटीओ चेकपॉइंट पर ट्रक चालकों का हंगामा, पलटाकर कार तोड़ी, चेकपॉइंट की झोंपड़ी में लगाई आग

मध्यप्रदेश

भोपाल/सिवनी। मप्र के सिवनी जिले के मेटेवानी परिवहन चेकपॉइंट पर मंगलवार रात ट्रक चालकों ने हंगामा कर दिया। साथी ट्रक चालक से पॉइंट के कर्मचारियों द्वारा मारपीट का आरोप लगाते हुए एक सैकड़ा से अधिक चालाकें ने परिवहन विभाग की आरटीओ प्लेट वाली कार क्रमांक एमपी04 जेडजे 9124 को पलटाकर उसमें तोडफ़ोड कर दी, वहीं चेकपॉइंट स्टाफ द्वारा बनाई गई झोंपड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। चालकों द्वारा तोडफ़ोड करते ही विभाग के चेकिंग में लगे अधिकारी-कर्मचारी भाग निकले। 

घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। ट्रक को रोककर जांच करने पर एक ट्रक चालक का जांच के लिए ट्रक रोकने वाले कर्मचारियों से विवाद हो गया। ट्रक चालक ने उसके साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए दूसरे ट्रक चालकों को रोक लिया। इसके बाद सभी ट्रक चालकों ने चेकपॉइंट पर हंगामा कर दिया। हंगामे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग - 44 पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। 

ट्रक चालक ने नहीं कराई एफआईआर 

राजमार्ग पर हंगामे की सूचना मिलते ही आरटीओ देवेश बाथम, तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारी और फ्लैग मार्च कर रही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान अधिकारियों और पुलिस ने चालकों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और यातायात सुचारू किया। लेकिन जिस चालक ने मारपीट का आरोप लगाया था, उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। वह ट्रक लेकर महाराष्ट्र चला गया।