मध्यप्रदेश

Image Alt Text

उज्जैन में आध्यात्मिक एवं कल्याण शिखर सम्मेलन आज

मध्यप्रदेश

‘कल्याण के लिए एक नई सोच’ विषय पर क्षेत्र के प्रमुख निवेशकों से मुख्यमंत्री करेंगे संवाद  

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर वर्ष 2025 को ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश में आर्थिक विकास को गति, औद्योगिक विस्तार को प्रोत्साहन और व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। इसी क्रम में गुरूवार, 5 जून को उज्जैन में मुख्यमंत्री ‘आध्यात्मिक एवं कल्याण शिखर सम्मेलन’(स्पिरिचुअल एंड वेलनेस समिट) का शुभारंभ करेंगे। 

औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा उज्जैन के होटल अंजूश्री में आयोजित इस समिट में फायरसाइड चैट सत्र ‘कल्याण के लिए एक नई सोच’ विषय पर मुख्यमंत्री संवाद भी करेंगे। मुख्यमंत्री समिट में भाग लेने वाले वेलनेस सेक्टर के प्रमुख निवेशकों, नीति-निर्माताओं एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे।

इस समिट का उद्देश्य मध्यप्रदेश को वैश्विक वेलनेस हब के रूप में स्थापित करना तथा उज्जैन को वेलनेस सेक्टर की प्रमुख केंद्र-स्थली के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इस आयोजन के माध्यम से योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, जनजागरूकता, आध्यात्मिकता तथा वेलनेस आधारित उद्योगों में निवेश और सहयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा प्रदेश के अलावा राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर विभिन्न अवसरों पर निवेश संवर्धन, कौशल विकास एवं रोजगार आधारित कार्यशालाएं, एक्सपो एवं कॉन्क्लेव आदि आयोजित किए जाएंगे। 

समिट में इन विषयों पर होगी चर्चा

समिट में कल्याण क्षेत्र के विकास, नीति-निर्माण, सार्वजनिक-निजी भागीदारी, स्थायी कल्याण अवसंरचना और निवेश संभावनाओं पर आधारित उच्चस्तरीय पैनल चर्चाएं होंगी। सत्र की शुरुआत ‘साझेदारी मॉडल पर विचार’ विषय पर पैनल चर्चा के साथ होगी जिसमें विषय-विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे। इस सत्र में कल्याण अवसंरचना को सुदृढ़ करने, गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने और विशेष रूप से वंचित क्षेत्रों में सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में वेलनेस सेक्टर को निवेश और सहयोग के लिए बनी नीतियाां किस तरह प्रेरित कर सकती हैं, जैसे विषयों पर चर्चा होगी। सत्र में ‘कल्याण पारिस्थितिकी तंत्र और कार्यबल विकास’ विषय पर पैनल चर्चा भी आयोजित की जाएगी। समिट में भाग लेने के लिए कल्याण क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागी invest.mp.gov.in पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।