राजधानी

Image Alt Text

भोपाल के 3 साल के बच्चे का सीकर के खाटूश्याम मंदिर से अपहरण

राजधानी

दादी और मां को फुसलाकर मासूम को लेकर गया आरोपी 

 भोपाल। भोपाल के रहने वाले तीन साल के मासूम का राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर  से अपहरण हो गया। भोपाल से दर्शनों के लिए सीकर पहुंची बच्चे की माँ और दादी को रेलवे स्टेशन पर मिले आरोपी ने दोनों से बातचीत शुरू कर दी और बातों ही बातों में उनका विश्वास जीत लिया। बच्चे को खिलाने के बहाने अपने पास रखा और माँ और दादी को दर्शनों के लिए भेज दिया। वापस लौटने पर आरोपी बच्चे को लेकर गायब हो गया। 

भोपाल के पुष्पा नगर में रहने वाले अजय कुमार जाटव मिस्त्री का काम करते हैं। उनकी तीन बेटियां और 3 साल का बेटा रक्षम है। 6 जून को एकादशी पर अजय जाटव की माँ आशा, उनकी पत्नी अपने तीन साल के बेटे सक्षम के साथ राजस्थान के सीकर में खाटूश्याम के दर्शन करने गई थीं। घटना के बाद बच्चे की माँ ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि से ट्रेन से जयपुर पहुंचीं। यहां एक व्यक्ति से उनकी भेंट हुई, जो स्वयं भी खाटूश्याम जाने की बात कह रहा था। वह भी उनके साथ ही खाटूश्याम मंदिर पहुंचा। 

आरोपी ने मंदिर में भीड़ अधिक होने का बहाना बनाकर बच्चे को अपने पास रख लिया और बच्चे की दादी और माँ को दर्शन के लिए भेज दिया। दर्शन करने के बाद दोनों महिलाएं वापस लौटीं तो उन्हें न तो आरोपी युवक मिला और न ही बच्चा। तुरंत ही उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। 

आरोपी की गोद में बच्चा, माँ ने बनाया वीडियो 

मंदिर में दर्शनों को जाते समय बच्चे की माँ ने आरोपी की गोद में बच्चे के साथ वीडियो बना लिया था। वीडियो में आरोपी के साथ बच्चा भी माँ को वाय करता नजर आ रहा है। परिजनों ने यह वीडियो भी पुलिस को दिया हे। पुलिस मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बच्चे की पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने छोटे बच्चे के साथ संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर सूचना देने की अपील की है। हालांकि देर रात तक बच्चे का पता नहीं चल सका।  

बच्चे के साथ थाने के पास नजर आया आरोपी 

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अपहृत बच्चे को गोद में लिया हुआ, थाने के आसपास घूमता नजर आया। उसने बच्चे को फू्रटी भी पिलाई। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। सूचना मिलने के बाद बच्चे का पिता भी सीकर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी की खोज शुरू कर दी है।