Breaking News:
राजधानी
भोपाल में सडक़ धंसी, 8 फीट गहरा गड्ढा हुआ
राजधानी
- बड़ा हादसा टला, दोपहर में बारिश के चलते ज्योति टॉकीज रोड पर हुआ गड्ढा
- कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन
- लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सडक़ सुधारने में जुटे
भोपाल। पीडब्ल्यूडी के 90 डिग्री ऐशबाग पुल निर्माण के कारनामों की सुर्खियां अभी खत्म नहीं हुई कि गुरुवार को एमपी नगर के ज्योति टाकीज के समीप दोपहर एक बजे तेज बारिश के समय पुलिया की तरफ की सडक़ अचानक धसक गई। करीबन 6 से 8 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। गनीमत रही कि तेज बारिश कारण घटना के समय बहुत कम वाहन गुजर रहे थे। इसलिए बड़ा हादसा होते- होते बचा। घटना के बाद जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पहुंचे और बेरीकेट्स लगाकर दो पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी। बारिश थमते ही कांग्रेस की सियासत शुरू हो गई। गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदशियों के अनुसार तेज बारिश के दौरान एमपी नगर के ज्योति टॉकीज मार्ग पर अचानक सडक़ धंस गई। इससे यहां मेन रोड पर करीब 6 से 8 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। गड्ढा इतना गहरा है कि इसमें कोई कार भी समां जाए। जब सडक़ धंसी, तब कोई वहां से गुजर नहीं रहा था। कांग्रेस नेताओं समेत राहगीरों ने सडक़ और गडढे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बता दें कि बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज एमपी नगर तरफ आने वाली जिस सडक़ पर ये गड्ढा हुआ है, वह शहर की सबसे व्यस्ततम सडक़ों में से एक है। इस सडक़ पर करीबन 24 घंटे में 25 हजार वाहनों की आवाजाही होती है। यहां तक कि इस मार्ग से जिला प्रशासन के आईएएस अधिकारी और नेता भी निकलते हैं। जैसे ही सडक़ धंसी, वैसे ही तुरंत आसपास के दुकानदार बारिश में भींगकर लोगों को उस ओर आने से रोकते रहे। बारिश के थमते ही इस मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सिटी बसों समेत चौपहिया वाहनों के पहिए जाम में थमे रहे। मौके पर पहले पुलिस पहुंचकर जाम को छुड़वाया। इसके बाद गोविंदपुरा एसडीएम एलके खरे समेत पीडब्ल्यूडी के इंजाीनियर भी पहुंचे। उन्होंने गड्ढे के आसपास बेरिकेडिंग कराई।
कांग्रेस नेता गड्ढे में घुसकर बैठ गए
ज्योति टाकीज जैसे मुख्य मार्ग पर सडक़ धंसकने की यह पहली घटना है। इसे लेकर कांग्रेस ने भ्रष्ट्राचार के आरोप लगाते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया गड्ढे के किनारे बैठकर धरना देने लगे। वही पर बैठ गए। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला भी पहुंचे और आम लोगों की सुरक्षा के लिए गड्ढे की पूजा अर्चना की। इसके बाद वे गड्ढे में नीचे उतर कर बैठ गए। शुक्ला ने आरोप लगाते हुए कहा कि 90 डिग्री के ऐशबाग आरओबी के बाद यह घटना पीडब्ल्यूडी के भ्रष्टाचार का जीता जागता सबूत है। पूरे शहर में सडक़ों पर गड्ढे हो रहे हैं। अफसर केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने ज्योति टॉकीज में सडक़ धंसने की जांच कराने और जिम्मेदारों को सस्पेंड कर उनसे खर्चा वसूलने की मांग की है।
प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि जब हादसा हुआ, तब मैं यहां से कार से गुजर रहा था। इससे हम परिवार समेत हादसे का शिकार हो सकते थे। बरोलिया ने कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह कहते हैं कि जब तक रहेंगी सडक़, तब तक रहेंगे गड्ढे। वे यहां आकर देखें और पता लगाए कि यह भ्रष्टाचार का कितना बड़ा नमूना है। सरकार इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कसा तंज
भोपाल में सडक़ धंसने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर धंसी हुई सडक़ का वीडियो शेयर कर लिखा है कि मुख्यमंत्री जी, भोपाल में आपकी पीडब्ल्यूडी ने फिर गौरव पथ से रूबरू करवा दिया है। यह गड्ढा भी 8 फीट का है। प्रगति की इस गति से प्रदेशवासी स्तब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गड्ढा आपकी सरकार में मंत्री से लेकर अधिकारियों के भ्रष्टाचार का यह जीता जागता उदाहरण है।
48 घंटे में सडक़ सुधार ली जाएगी : संजय मस्के
पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर संजय मस्के ने स्वदेश को बताया कि यह सडक़ करीबन 50 साल पुरानी है। इसके नीचे से नाला निकला है, जोकि रिसाव और जलनिकासी ठीक से ना होने से अचानक धसक गई है। हमने सडक़ की मरम्मत का काम तत्काल शुरू कर दिया है। लगभग 48 घंटे में सडक़ की मरम्मत कर ट्रैफिक के लिए पुन: शुरू कर दी जाएगी।
ट्रेंडिंग खबरें
मध्यप्रदेश
रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की...
05-05-26
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26