राजधानी

Image Alt Text

मुख्यमंत्री कार्यालय से सचिव सिबि चक्रवर्ती को भी हटाया

राजधानी

-पंद्रह दिन के भीतर बड़े बदलाव

भोपाल। पिछले एक पखवाड़े के भीतर मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारियों की बदली हुई है। इसी क्रम में राज्य शासन ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के सचिव सिबि चक्रवर्ती को भी मुख्यमंत्री कार्यालय से बाहर कर दिया है। चक्रवर्ती को भवन विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया है। अभी तक यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में संभाल रहे थे। चक्रवर्ती को इसी साल 27 जनवरी मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ किया था। 

यहां बता दें कि 6 जुलाई को भारतीय प्रशासनिक सेवा के 9 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए थे। जिसमें अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा को हटाकर नीरज मंडलोई को मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव पदस्थ किया गया है। इसके बाद 11 जुलाई को मार्कफेड के एमडी आलोक सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। साथ ही विकास मिश्रा को उपसचिव पदस्थ किया गया। बताया गया कि ये दोनों अधिकारी मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के पसंद के हैंं। ऐसे में सिबि चक्रवर्ती को मुख्यमंत्री कार्यालय से बाहर करने के लिए मुख्यमंत्री की सहमति का इंतजार था। विदेश से लौटते ही मुख्यमंत्री ने सिबि चक्रवर्ती के तबादला आदेश को हरी झंडी दे दी। 

बड़ी सूची अभी भी फंसी

आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची अभी भी अटकी हुई है। बताया गया कि मैदानी अधिकारियों की तबादला सूची अब विधानसभा सत्र के बाद तक टल सकती है। यदि मुख्य सचिव का एक्सटेंशन मिलता है तो सूची अगले महीने आ सकती है। अन्यता फिर सितंबर तक टल सकती है। हालांकि मंत्रालय स्तर या विभागाध्यक्ष स्तर पर अधिकारियों के तबादले विधानसभा सत्र से पहले हो सकते हैं।