अपराध

Image Alt Text

बेटी को लेकर कुएं में कूदी महिला, दोनों की मौत

अपराध

दो दिन पहले पति ने की थी आत्महत्या, फेसबुक पर डाला पोस्ट 

दमोह। दमोह में एक महिला अपनी दो साल की बच्ची को लेकर कुएं में कूद गई। दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। महिला के पति ने भी दो दिन पहले ही घर की छत से कूदकर आत्महत्या की थी। 

महिला सीमा पटेल के भाई धीरेंद्र ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि जांच कर रहे हैं। मामला दमोह के पथरिया थाना क्षेत्र के सजियाहार गांव में बुधवार सुबह करीब 4 बजे का है। महिला की बड़ी बेटी की उम्र 4 साल है। 

फेसबुक पर लिखा- आज दुनिया छोडक़र जा रही

आत्महत्या से कुछ घंटे पहले सीमा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा था, ‘मैं आज दुनिया छोडक़र जा रही हूं। मैं नहीं जी पा रही हूं, सब मेरी बेटी का ध्यान रखना।’ इस पोस्ट के कुछ घंटे पहले दूसरी पोस्ट में लिखा था, ‘क्या दिन थे आपके साथ... पता ही नहीं चला और आप छोडक़र चले गए।’ सीमा का पति निहाल पटेल गांव का समृद्ध किसान था। सरपंच के चुनाव में काफी पैसा खर्च करने के बावजूद वह चुनाव हार गया था।

भाई ने लगाया ननद पर हत्या का आरोप 

सीमा के भाई धीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को मैं बहन की ससुराल में ही था। खाना खाकर रात में दूसरे कमरे में सोया था। सुबह करीब 4 बजे बहन की ननद ने मुझे उठाया। बताया कि सीमा ने बेटी अंशु के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बहन की ननद ने ही उसकी हत्या कर लाश कुएं में फेंकी है। सीमा के पिता विश्वनाथ पटेल ने कहा कि बेटी की शादी को 5 साल हो चुके हैं। दहेज में 10 लाख रुपए दिए थे। उसके बाद भी ससुराल वाले रुपए की मांग करते थे। बेटी को मारते थे। कुछ दिन पहले ही एक बार फिर 5 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अगर आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

8 बहनों में इकलौता था निहाल

मृतक निहाल 8 बहनों में इकलौता बेटा था। उसके पास 25 एकड़ जमीन है, जिस पर वह खेती करता था। निहाल का लीवर खराब था, जिससे वह बीमार रहता था। सीमा के पिता टीआई थे, कुछ साल पहले उनका निधन हो चुका है। सीमा की दो बहनें और दो भाई हैं।