राजधानी

Image Alt Text

जेपी पहला जिला अस्पताल जहां तैयार होंगे पोस्ट एमबीबीएस विशेषज्ञ

राजधानी

-सोमवार को केन्द्र की मान्यता टीम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
भोपाल। अगर सब कुछ ठीक रहा तो राजधानी का जेपी अस्पताल पहला ऐसा जिला अस्पताल होगा जहां डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) पोस्ट डिप्लोमा और त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम संचालित होंगे। पाठ्यक्रम संचालन के लिए व्यवस्थाओं को देखने के लिए सोमवार को केन्द्र की टीम ने निरीक्षण किया। टीम बाल एवं शिशु रोग, आंतरिक दवा इकाई और सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग का निरीक्षण करने पहुंची। इसके साथ ही आम्र्ड फोर्सेस मेडिकल कॉलेज से आए डॉ. संतोष सिंह ने सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक शैक्षणिक संकाय (फैकल्टी), शल्य कक्ष (ओटी), रोगी कक्ष (वॉर्ड), प्रयोगशाला और पुस्तकालय का मूल्यांकन किया। टीम द्वारा निरीक्षण का अनुमोदन करने के बाद वर्तमान सत्र में ही तीन पाठ्यक्रमों में 4-4 सीटोंं पर प्रवेश शुरू हो सकेंगे।  
जानिये क्या है डीएनबी पाठ्यक्रम
-डीएनबी दो वर्षीय स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रम है। यह पाठ््यक्रम राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड एनबीईएमएस देता है। यह एमडी/एमएस के समकक्ष मानी जाती है।
-डीएनबी का तीन वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम भी एनबीईएमएस के माध्यम से होता है। इसके माध्यम से क्लिनिकल एक्सपोजर और एकेडमिक ट्रैनिंग का बेहतर अनुभव मिलता है।
ये पाठ्यक्रम हैं संचालित
-पीडियाट्रिक डिप्लोमा, डिप्लोमा इन गायनोकॉलॉजी एंड एब्सटेट्रिक,फैमिली मेडिसिन में डीएनबी पाठ्यक्रम संचालित है।
-पाठ्यक्रम से इमरजेंसी ड्यूटी में विशेषज्ञ मिल सकेंगे। सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। मेडिकल कॉलेज की दिशा में ठोस कदम साबित होगा।
यह बोले सिविल सर्जन
हमने डीएनबी कोर्स के लिए आवेदन किया था। केन्द्र की मान्यता टीम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। हम बीते वर्ष से ही तैयारी कर रहे थे, टीम हमारी तैयारियों से संतुष्ट दिखी। आशा है कि अनुमति मिल जाएगी। यह पाठ्यक्रम मुख्य रूप से बड़े कार्पोरेट और टर्शियरी केयर हॉस्पिटलों में संचालित थे। इसमें नीट के अंकों के आधार पर प्रवेश मिलेगा। इन विषयों की पढ़ाई मिलने के बाद अन्य विषयों की मान्यता भी मिल सकेगी।  
डॉ.राकेश श्रीवास्तव, सिविल सर्जन-जेपी अस्पताल