राजधानी

Image Alt Text

9026.97 करोड़ से अधूरी नल-जल योजनाओं को पूरा करेगी सरकार

राजधानी

मंत्रि-परिषद: पुनरीक्षित योजनाओं में 13.55 प्रतिशत बढ़ी नल-जल योजना की प्रस्तावित लागत  

भोपाल। मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरी नल-जल परियोजनाओं को अब राज्य सरकार स्वयं की राशि से पूरा करेगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग ने पुनरीक्षित नल-जल योजना में योजनाओं में प्रस्तावित लागत 13.55 प्रतिशत बढ़ जाने की बात कही है। अब 7 लाख ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तुत 8,358 पुनरीक्षित परियोजनाओं के लिए मंत्रि-परिषद ने कुल 9026 करोड़ 97 लाख रुपये की स्वीकृति की अनुशंसा की है। इन योजनाओं की मूल स्वीकृत लागत 6,213 करोड़ 76 लाख रूपये है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 

2935 करोड़ से बनेगा इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड मार्ग

इंदौर से उज्जैन तक 48 किमी लम्बी नई ग्रीनफील्ड फोरलेन सडक़ बनाई जाएगी। पहले इस सडक़ को लोक निर्माण विभाग बनाने वाला था, अब इसकी लागत बढक़र 2935.15 करोड़ हो गई है। इसलिए इसे हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल से कुल 17 महीने में बनाया जाएगा। यह सडक़ पेवर्ड शोल्डर, सर्विस रोड, अंडरपास, फ्लाईओवर और जंक्शन बनाए जाएंगे। 

नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग को हरी झंडी 

नर्मदापुरम से टिमरनी तक 72 किमी लंबा रोड हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल से बनेगा। इसकी लागत 972.16 करोड़ रहेगी। इसमें अंडरपास, फ्लाईओवर और जंक्शन शामिल हैं। उज्जैन के हरिफाटक आरओबी पर अभी टू लेन ब्रिज है, सिंहस्थ को देखते हुए इसे फोर लेन किया जाएगा। मंत्रि-परिषद ने इसके लिए 371 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। 

उज्जैन में नए आरओबी की स्वीकृति

सिहंस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए मंत्रि-परिषद ने उज्जैन शहर में हरिफाटक रेलवे क्रासिंग पर 4 लेन और हरिफाटक चौराहे से नीलकंठ द्वार तक 980 मीटर लंबाई के नवीन रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 371 करोड़ 11 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति सिहंस्थ मद में प्रदान की है। 

शहडोल के फुटबॉल खिलाड़ी जर्मनी में लेंगे प्रशिक्षण 

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में शहडोल के फुटबॉल खिलाडिय़ों की तारीफ की थी। जर्मनी के एक फुटबॉलर ने भी ये पॉडकास्ट सुना और खिलाडिय़ों को कोचिंग देने की इच्छा जताई। सरकार अब खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण के लिए जर्मनी भेजने की तैयारी कर रही है।