Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
अपराध

Image Alt Text

चिरूला चेकपॉइंट: अवैध वसूली के फेर में एक और मौत

अपराध

भोपाल। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में स्थित परिवहन विभाग के चिरूला चेकपॉइंट पर अवैध वसूली के फेर में हुई सडक़ दुर्घटना में मंगलवार की रात एक और मौत हो गई। चेकपॉइंट की व्यवस्था संभाल रहे कटर (वसूलीखोर) प्रमोद शर्मा को अवैध इंट्री सौंपकर लौट रहे ट्रक मालिक को एक अन्य ट्रॉले ने कुचलकर मार डाला। 

जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात 34 वर्षीय विश्वेंन्द्र सिंह यादव, निवासी भरतपुर, राजस्थान चालक अपने 18 चक्का ट्रक में टीकमगढ़ से पत्थर भरकर अलवर राजस्थान के लिए रवाना हुआ था। चिरुला थाने के पास परिवहन विभाग के चेकपॉइंट पर रात करीब में उसके ट्रक को प्रायवेट वसूलीखोरों ने वसूली के लिए रोका। ट्रक से उतरने के बाद सडक़ पार कर वह दूसरी ओर आरटीओ लिखी गाड़ी में बैठे कटर को पैसे देकर लौट रहा था, उसी समय वसूलीखोरों ने तेज गति से निकलते एक अन्य ट्राले को बैरियर लगाकर रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रॉला चालक ने वसूलीखोरों ने इनसे बचते हुए ट्रॉला दौड़ा दिया। इस अनियंत्रित टॉले की चपेट में आने से ट्रक मालिक विश्वेन्द्र यादव की कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद सभी प्रायवेट कटर को चेकपॉइंट से भगा दिया गया और चेकिंग भी दो दिन के लिए पूरी तरह बंद कर दी गई। हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग के अमले ने अपने तरीके से आश्वासन देकर परिजनों को समझाइश दी और संतुष्ट भी किया और जाम भी खुलवाया। पुलिस ने इस प्रकरण में अज्ञात ट्रक चालक को आरोपी बनाकर एक्सीडेंट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद बुधवार दोपहर में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस और परिवहन अमले की समझाइश के बाद परिजन भी चुपचाप शव लेकर रवाना हो गए। 

वसूली के फेर में लगातार हो रहीं दुर्घटना,पुलिस मौन 

चिरुला थाना से सटे परिवहन चेकपॉइंट पर वसूली के फेर में विगत करीब 4 महीनों में आधा दर्जन से अधिक बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तीन दुर्घटनाओं में मौतें भी हुई हैं। लेकिन चिरुला थाना प्रभारी सिर्फ ट्रक चालकों को आरोपी बनाकर एवं उसके खिलाफ एक्सीडेंट की धाराओं में में प्रकरण दर्ज कर औपचारिक कार्रवाई करते रहे हैं। घटनाओं में घायलों और परिजनों के स्पष्ट आरोपों के बावजूद पुलिस वसूलीखोरों पर कार्रवाई नहीं कर, उन्हें हर प्रकार से बचाने का प्रयास कर रही है। विगत 22 सितम्बर को हुई भीषण सडक़ दुर्घटना में एक ट्रक चालक गंभीर घायल हो गया था तब ट्रक चालकों ने सडक़ पर जाम लगा दिया था। इसके बाद चिरूला चेकपॉइंट पर जाम खुलवाने एसपी और कलेक्टर को भी पहुंचना पड़ा था। इसके बाद चेकिंग और अवैध वसूली 11 दिन बंद रही थी। लेकिन 3 अक्टूबर से फिर से अवैध वसूली चालू हो गई। खास बात यह है कि परिवहन आयुक्त के आदेश के अनुसार चेकपॉइंट किसी एक चिन्हित स्थान पर नहीं बनाया जाएगा, यहां स्थायी संरचना भी नहीं होगी। लेकिन चिरुला में स्थित पुरानी पक्की इमारत में न केवल सरकारी अमले के लिए बल्कि प्रायवेट कटर और वसूलीखोरों के लिए मैस और ठहरने की व्यवस्था है। सरकार की 8 घंटे की ड्यूटी के बदले में यहां चेकपॉइंट प्रभारी से लेकर पूरा स्टफ 20 घंटे की ड्यूटी कर रहा है। यहां सुबह 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक ट्रक चालकों से अवैध वसूली की जा रही है। 

‘मंगलवार रात में परिवहन चैकपोइंट के पास किसी अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मारी है। सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पड़ताल कर रहे हैं।’

नितिन भार्गव, थाना प्रभारी चिरुला थाना 

(फरियादी का नाम-फोन नंबर मांगने पर कहा-मैं अभी छुट्टी पर हँू।)

‘चिरुला बैरियर के कर्मचारियों या वसूली के फेर में दुर्घटना की कोई शिकायत अब तक मेरे पास नहीं आई है। थाने में शिकायत पर सुनवाई नहीं होती है तो मुझे बताएं। ऐसी कोई शिकायत आएगी तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग से संबंधित कोई कार्रवाई होगी तो उधर भी प्रकरण भेजा जाएगा।’

सूरज कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक दतिया