अपराध

Image Alt Text

अवैध शराब के गोदाम पर पुलिस का छापा, 907 पेटी अवैध शराब जब्त

अपराध


भोपाल। भोपाल की अपराध शाखा पुलिस द्वारा पकड़े गए शराब तस्कर की सूचना पर  शनिवार तडक़े एकतापुरी स्थित अवैध शराब गोदाम पर छापा मारा। छापे में पुलिस को गोदाम से 888 पेटी अवैध शराब जब्त की। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में पड़ताल की जा रही है। 

पुलिस ने यह कार्रवाई उस तस्कर की पूछताछ के आधार पर मिली जानकारी के बाद की थी, जिसे पुलिस ने एक एक्यूवी 300 कार से शराब की तस्करी करते पकड़ा था। कार की तलाशी में 19 पेटी शराब मिली थी। कार का पंजीयन भी नहीं था। पूछताछ में आरोपी ने एकतापुरी स्थित अवैध गोदाम से शराब लाकर तस्करी की बात स्वीकारी थी। 

इस तरह घेरकर पकड़े आरोपी 

पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात मुखबिर ने पुलिस को अशोका गार्डन क्षेत्र के एकतापुरी मैदान के पास से एक काले रंग की कार से एक शराब तस्करी की सूचना दी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की घेराबंदी करने के लिए टीम रवाना की। पुलिस दल को मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर एक काले रंग की कार खड़ी नजर आई। पुलिस ने कार में बैठे दो लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजेश पुत्र टीकाराम मीणा निवासी रतन कॉलोनी, करोंद और रामा पुत्र प्रेमनारायण अहिरवार निवासी राजीव नगर कोटरा सुल्तानाबाद बताए। 

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पीछे की सीट एवं डिक्की में 19 पेटियों में अंग्रेजी शराब एवं बीयर भरी नजर आई। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर जांच कराई तो यह कुल 176.28 लीटर अवैध शराब निकली। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध शराब एकतापुरी स्थित गोदाम से लागे की बात स्वीकारी। इसके बाद पुलिस ने गोदाम पर छापा मारकर यहां से तीसरे आरोपी गजेन्द्र रावत को स्वीकार किया। उसने पूछताछ में अवैध रूप से शराब का स्टॉक और सप्लाई करने की बात स्वीकारी। पुलिस ने गोदाम से 888 पेटियां अंग्रेजी शराब एवं बीयर जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।