अपराध

Image Alt Text

एसटीएफ ने पकड़ा 1.80 करोड़ का गांजा, ट्रक में छुपाकर उड़ीसा से मप्र लाया गया था 599 किलो गांजा

अपराध

भोपाल। ट्रक में छुपाकर उड़ीसा से मध्यप्रदेश लाए गए 599 किलोग्राम गांजे को एसटीएफ ने मुखबिर की सूचना पर पकडक़र जब्त किया है। बुधवार रात हुई इस कार्रवाई में पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए बताई जा रही है। एसटीएफ ने ट्रक भी जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है। 

एसटीएफ के अनुसार तस्करों ने ट्रक के अंदर लोहे की चादरों से एक गुप्त स्थान बना रखा था, जो बाहर से दिखाई नहीं देता था। इसी गुप्त स्थान में गांजे के पैकेट छिपाकर तस्करी की जा रही थी। भोपाल और जबलपुर एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रक को छत्तीसगढ-मध्य प्रदेश सीमा के पास, जिला अनूपपुर के घने जंगल के मार्ग पर पकड़ा है। एसटीएफ एसपी राजेश सिंह भदौरिया के अनुसार, कार्रवाई के दौरान ओडिशा के संभल से मध्य प्रदेश के मैहर जा रहा ट्रक क्रमांक जेएच 02 बीएल 7103 को जिला अनूपपुर के थाना जेतहरी क्षेत्र अंतर्गत घने जंगल मार्ग से रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 599 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। एसटीएफ ने ट्रक से दो आरोपियों अंकित विश्वकर्मा, निवासी जिला सीधी और धनंजय सिंह पटेल, निवासी जिला सतना को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।