अपराध

Image Alt Text

ज्यादा किराया वसूलने का विरोध करने पर कंडक्टर ने महिला को उतारकर सडक़ पर फेंका, रोता रहा मासूम बेटा

अपराध

ग्वालियर। ग्वालियर जिले की भितरवार तहसील में महिला यात्री को बस कंडक्टर द्वारा अधिक किराया वसूले जाने का विरोध करने पर बस से खींचकर सडक़ पर पटकने, छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने बताया कि वह अपने साथ सामान की बोरी लेकर जा रही थी, जिसके लिए 80 रुपये किराया तय हुआ था। कंडक्टर अधिक राशि मांगने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो कंडक्टर ने न केवल महिला को बस से उतारकर नीचे सडक़ पर फेंक दिया, बल्कि गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट भी की। सिरसौद से सिनारिया के लिए बैठी महिला के साथ उसका 10 साल का बेटा भी था। महिला के साथ मारपीट से भयभीत उसका बेटा रोता हुआ कंडक्टर से माँ को छोडऩे की गुहार लगाता रहा, लेकिन कंडक्टर को दया नहीं आई। मामला भितरवार थाना क्षेत्र के सुनारी गांव में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे का है। घटना स्थल पर  मौजूद एक युवक ने मारीट की इस घटना का वीडियो बना बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

वीडियो में महिला को जमीन पर गिराते दिखा आरोपी 

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बस नंबर एमपी07 पी 2072 खड़ी है। कंडक्टर एक महिला से अभद्रता कर रहा है। वह महिला का हाथ पकड?र जमीन पर गिरा देता है। उसे लगातार गालियां देता है। महिला के साथ मौजूद उसका 9 साल का बच्चा पास खड़ा रो रहा है। वह मां को छोडऩे की गुहार लगा रहा है। बस के कुछ अन्य यात्री यह सब देख रहे हैं लेकिन किसी ने महिला को बचाने का प्रयास नहीं किया।

बस में क्षमता से अधिक यात्री, छत पर बैठे दिखे

जिस बस में महिला के साथ मारपीट की घटना हुई, वह क्षमता से अधिक यात्री लेकर चल रही थी। वीडियो में कुछ यात्री बस के ऊपर भी बैठे नजर आ रहे हैं। मारपीट का यह वीडियो पुलिस तक भी पहुंचा है। भितरवार थाना प्रभारी सुधीर कुशवाह का कहना है कि अभी तक थाने में इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर बस और उसके कंडक्टर की तलाश कर रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।