अपराध

Image Alt Text

41.94 लाख का गबन करने वाले 4 गिरफ्तार, 33.46 लाख बरामद , किसानों से राशि वसूलकर बनाई चोरी की झूठी कहानी, पिता-पुत्र और दो चौकीदार पकड़े

अपराध

भोपला। भोपाल के ईटखेड़ी क्षेत्र में सहकारी समिति के माध्यम से किसानों से वसूली गई 41.94 लाख रुपये राशि का गबन करने वाले वसूली एजेंट एवं उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई रकम से 33.46 लाख रुपये बरामद भी कर लिए हैं। इनमें आरोपी पिता-पुत्र के साथ अपराध में शामिल दो चौकीदार भी शामिल हैं। 

भोपाल देहात के ईंटखेड़ी थाना पुलिस के अनुसार सहकारी समिति रायपुर में 41.94 लाख रुपये गबन की शिकायत विगत 2 अप्रैल को बैंक प्रशासक रामचरण सिलावट ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26-27 मार्च को किसानों से 41.94 लाख रुपए वसूले गए थे, लेकिन जमा नहीं किए गए।प्रकरण दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में सामने आया कि वसूली एजेंट नरेश नागर ने अपने बेटे और गांव के चौकीदारों शिवदयाल व अजय के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। चारों ने मिलकर वसूली की रकम हड़प ली और चोरी का नाटक किया ताकि शक से बच सकें। 

इस तरह सामने आया घोटाला

भोपाल सहकारी बैंक से जुड़ी रायपुर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का है। बैंक किसानों को खाद-बीज के लिए ऋण देती है, जिसकी वसूली के लिए वसूली प्रतिनिधि नियुक्त किए जाते हैं। आरोपी एजेंट नरेश नागर अपने बेटे के साथ बैंक अवकाश के दिन गांवों में पहुंचे और किसानों से किस्त के रूप में बड़ी रकम वसूली। लेकिन जब अगले दिन बैंक में हिसाब-किताब हुआ, तो खुलासा हुआ कि लगभग 41 लाख 94 हजार रुपये की वसूली तो हुई, लेकिन पैसा बैंक में जमा ही नहीं हुआ। शुरूआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वसूली की रकम उन्होंने गांव की सहकारी समिति के कार्यालय में रखी थी, जहां रात में चोरी हो गई। इस कहानी के आधार पर थाने में चोरी का प्रकरण दर्ज कराने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे यह कहानी झूठी साबित हो गई।  सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने सच्चाई स्वीकार कर ली। 

पहले खेत, फिर दुकान के फर्श को खोदकर छुपाई नकदी 

पुलिस के अनुसार वसूली एजेंट नरेश और चौकीदार शिवदयाल पर कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने बैंक की राशि का गबन किया। आरोपियों ने पहले पैसे खेत में गाड़ दिए, लेकिन मौसम खराब होने पर उन्हें निकाल लिया। इसके बाद चौकीदार अजय की दुकान के फर्श को खोदकर रकम नीचे छिपाई, फर्श में गड्डा करके एक बॉक्स में पैसे को रखकर ऊपर शीट बिछाई और उस पर फ्रिज रख दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास 100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, इसमें आरोपी पैसे ले जाते दिखे, जिससे पुलिस दुकान तक पहुंची। बैंक अधिकारी रामचरण सिलावट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गबनकी शेष राशि के बारे में पता कर रही है।