अपराध

Image Alt Text

कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर

अपराध

भोपाल। आईएसबीटी के पास मुख्य मार्ग पर बीती मध्य रात्रि नीले रंग की एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान भागने के प्रयास में आरोपी चालक ने बाइक सवार युवकों को करीब 20 मीटर तक घसीट दिया। इससे कार के बंपर में बाइक फंस गई। आरोपी कार चालक मौके पर ही कार को छोडक़र फरार हो गया। पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपी को ढूंढ रही है, वही घायलों का भी पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि एक तेज रफ्तार नीले रंग की कार ने बाइक सवार दो लोगों को आईएसबीटी के पास नर्मदापुरम रोड पर टक्कर मार दी थी। हादसे के दौरान जब लोगों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया, तो आरोपी घटनास्थल पर ही कार छोडक़र फरार हो गया। हादसे के बाद दोनों घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे बेसुध हालत में अस्पताल भेजा गया।